फलस्तीन फुटबॉल प्रमुख को विश्व कप के लिए नहीं मिला अमेरिका का वीजा
फलस्तीन फुटबॉल प्रमुख को विश्व कप के लिए नहीं मिला अमेरिका का वीजा
रमल्लाह, 12 जून (एपी) फलस्तीन फुटबॉल संघ के अध्यक्ष जिब्रिल रजौब 2026 फीफा विश्व कप में भाग लेने वाले फुटबॉल संघों के प्रमुखों के साथ अमेरिका में प्रवेश की अनुमति का इंतजार कर रहे हैं। वह इस समय मेक्सिको सिटी में हैं।
रजौब बृहस्पतिवार को मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच उद्घाटन मैच में भी शामिल हुए। लेकिन कई अन्य लोगों की तरह उन्हें अमेरिका से वीजा नहीं मिला है या अभी तक स्वीकृति नहीं मिली है।
रजौब ने इस स्थिति पर चिंता जताई और कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि यह उचित है कि दुनिया भर के फुटबॉल से जुड़े लोगों के अधिकारों को रोका जाए या उनसे वंचित किया जाए।’
फलस्तीन की राष्ट्रीय टीम इस विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी है, लेकिन फीफा परंपरागत रूप से हर चार साल में दुनिया भर के फुटबॉल संघ प्रमुखों को इस आयोजन में आमंत्रित करता है, जिसे वह वैश्विक एकता का उत्सव मानता है।
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने पिछले वर्ष कहा था, ‘कनाडा, मेक्सिको और अमेरिका में होने वाले विश्व कप के लिए सभी का स्वागत होगा। हम इसी दिशा में काम कर रहे हैं।’
अमेरिका ने हालांकि कई देशों के प्रतिनिधियों को वीजा देने से इनकार किया है। इनमें सोमालिया के एक रेफरी और इराक की टीम के साथ जाने वाले एक फोटोग्राफर भी शामिल हैं।
इन्फेंटिनो ने इस सप्ताह कहा कि फीफा वीजा समस्याओं को हल करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन वह किसी देश की सरकार के फैसले को बदल नहीं सकता।
अमेरिका के विदेश विभाग ने रजौब के वीजा पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है। पिछले वर्ष उसने फलस्तीनी पासपोर्ट धारकों पर नई पाबंदियां लगाई थीं, जिनमें फलस्तीनी प्राधिकरण से जुड़े लोगों पर भी रोक शामिल थी।
पिछले साल संयुक्त राष्ट्र महासभा में फलस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास के वीजा को भी रद्द कर दिया गया था।
एपी
आनन्द
आनन्द

Facebook


