मोदी 28 अप्रैल को पूर्वोत्तर के छह राज्यों में इंडोर क्रिकेट बुनियादी ढांचों का उद्घाटन करेंगे

मोदी 28 अप्रैल को पूर्वोत्तर के छह राज्यों में इंडोर क्रिकेट बुनियादी ढांचों का उद्घाटन करेंगे

मोदी 28 अप्रैल को पूर्वोत्तर के छह राज्यों में इंडोर क्रिकेट बुनियादी ढांचों का उद्घाटन करेंगे
Modified Date: April 23, 2026 / 07:37 pm IST
Published Date: April 23, 2026 7:37 pm IST

गंगटोक, 23 अप्रैल (भाषा) भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने बृहस्पतिवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को सिक्किम दौरे के दौरान पूर्वोत्तर क्षेत्र के छह राज्यों में इंडोर क्रिकेट बुनियादी ढांचों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी 28 अप्रैल को यहां पालजोर स्टेडियम में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सिक्किम को राज्य का दर्जा मिलने के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में साल भर चले समारोहों के समापन का प्रतीक होगा।

सैकिया ने उद्घाटन से पहले बुनियादी ढांचे के विकास का जायजा लेने के लिए इंडोर क्रिकेट स्टेडियम स्थल का दौरा किया।

सैकिया ने पत्रकारों से कहा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री सिक्किम के अपने आगामी दौरे के दौरान रंगपो में इनडोर क्रिकेट सुविधा का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे, साथ ही पूर्वोत्तर के पांच अन्य राज्यों में भी इसी तरह की सुविधाओं का उद्घाटन करेंगे।’’

सिक्किम में इंडोर क्रिकेट अकादमी इस पूरे क्षेत्र में क्रिकेट बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की बीसीसीआई की एक बड़ी पहल का हिस्सा है। इसी तरह की सुविधाएं अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम और नगालैंड में भी विकसित की गई हैं।

इन परियोजनाओं की आधारशिला 20 मई 2024 को रखी गई थी।

सैकिया ने बताया कि पूर्वी सिक्किम जिले के रंगपो में इनडोर क्रिकेट अकादमी परियोजना अब पूरी हो चुकी है। इस दौरे के दौरान उनके साथ आईपीएल संचालन संस्था के सदस्य मामोम मजूमदार और सिक्किम क्रिकेट संघ के अध्यक्ष टीका सुब्बा भी मौजूद थे।

सैकिया ने कहा कि इस क्षेत्र में इंडोर सुविधा की बहुत जरूरत थी क्योंकि यहां साल में लगभग छह से सात महीने बारिश होती है।

सैकिया ने कहा, ‘‘ये सुविधाएं अब यह सुनिश्चित करेंगी कि खिलाड़ियों को साल भर ट्रेनिंग के अवसर मिलते रहें।’’

राज्य क्रिकेट संस्था ने बाद में एक बयान में बताया कि बीसीसीआई सचिव ने रंगपो के माइनिंग में बनी अत्याधुनिक इंडोर क्रिकेट अकादमी का निरीक्षण किया और वहां विकसित बुनियादी ढांचे की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।

लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सुविधा में इंडोर अभ्यास पिच, एक हाई परफोर्मेंस फिटनेस सेंटर, 25 मीटर का तैराकी पूल और खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।

इस अकादमी को हर मौसम में काम करने वाले ट्रेनिंग परिसर के तौर पर डिजाइन किया गया है जिसका मकसद स्थानीय प्रतिभाओं के विकास में मदद करना है।

सैकिया ने कहा कि वह सिक्किम में बुनियादी ढांचे के विकास के स्तर से खुश हैं और रंगपो का मैदान सुंदर तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है।

उन्होंने कहा कि बीसीसीआई राज्य में एक और स्टेडियम बनाने के लिए राज्य सरकार और सिक्किम क्रिकेट संघ के साथ मिलकर काम कर रहा है जिसके लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता


लेखक के बारे में