केपटाउन, 13 जुलाई (एपी) दक्षिण अफ्रीका के विश्व कप फुटबॉलर जेडन एडम्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
उनका शव सप्ताहांत में केप टाउन स्थित एक संपत्ति से बरामद किया गया।
पच्चीस साल के इस खिलाड़ी ने दक्षिण अफ्रीका को पहली बार विश्व कप के नॉकआउट चरण में पहुंचने में अहम भूमिका निभाई थी।
अधिकारियों ने उनकी मौत के कारणों के बारे में अभी तक नहीं बताया है।
पुलिस ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि शनिवार को 25 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद ‘इनक्वेस्ट (अप्राकृतिक मृत्यु)’ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बयान में कहा गया, ‘‘शनिवार को 25 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद केप टाउन सेंट्रल पुलिस ने जांच के लिए इनक्वेस्ट दर्ज किया है। इस घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।’’
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह करीब 11 बजे केप टाउन के ‘शॉट्सचे क्लूफ’ इलाके की एक संपत्ति से शव बरामद किया गया। मामले से जुड़े अन्य विवरण साझा नहीं किए गए हैं।
एडम्स के पिता जुआनितो एडम्स ने दक्षिण अफ्रीकी समाचार चैनल ईएनसीए से कहा कि परिवार पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है और अभी अंतिम संस्कार की कोई योजना नहीं बनाई गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह असमय हुई मौत है और पूरा परिवार अब भी इस सदमे से उबरने की कोशिश कर रहा है। इसे स्वीकार करना आसान नहीं होगा। लोग कहते हैं कि समय के साथ सब आसान हो जाता है, लेकिन ऐसा नहीं होता। इंसान सिर्फ इसके साथ जीना सीखता है।’’
विश्व कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों (इंग्लैंड बनाम नॉर्वे और अर्जेंटीना बनाम स्विट्जरलैंड) से पहले एडम्स की याद में दो मिनट का मौन रखा गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
एपी आनन्द सुधीर
सुधीर