प्रीति पवार ने मुक्केबाजी के सेमीफाइनल में पहुंच कर पदक पक्का किया

प्रीति पवार ने मुक्केबाजी के सेमीफाइनल में पहुंच कर पदक पक्का किया

प्रीति पवार ने  मुक्केबाजी के सेमीफाइनल में पहुंच कर पदक पक्का किया
Modified Date: July 28, 2026 / 11:10 pm IST
Published Date: July 28, 2026 11:10 pm IST

ग्लास्गो, 28 जुलाई (भाषा) एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार ने मंगलवार को राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए मुक्केबाजी में पदक पक्का कर लिया।

महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में प्रीति ने उत्तरी आयरलैंड की निकोल क्लाइड को एकतरफा अंदाज में हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया।

मुक्केबाजी में भारत का यह दूसरा पदक पक्का हुआ है।

इससे पहले लवलीना बोरगोहेन के नाम इन खेलों में मुकाबले में उतरने से पहले ही पदक पक्का हो गया है। महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग में कम मुक्केबाजों के कारण लवलीना अपना अभियान सेमीफाइनल से शुरू करेगी।

नीली जर्सी में उतरीं 22 वर्षीय प्रीति ने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से जीत दर्ज की। अपने से लंबी खिलाड़ी क्लाइड के खिलाफ भारतीय मुक्केबाज ने शुरुआत से ही तेज गति, सटीक पंच और बेहतरीन रिंग रणनीति का प्रदर्शन किया।

पहले राउंड में प्रीति ने अपनी फुर्ती और आक्रामक अंदाज से प्रतिद्वंद्वी को दबाव में रखा। उन्होंने पंच की लगातार झड़ी लगाकर क्लाइड के डिफेंस को भेद दिया। जजों ने भी उनके शानदार प्रदर्शन को सराहा और चार जज ने पहला राउंड प्रीति के पक्ष में 10-9, जबकि एक जज ने 10-8 से दिया।

प्रीति ने दूसरे राउंड में भी अपनी रफ्तार और सटीकता बरकरार रखी। उन्होंने पांचों जजों का समर्थन हासिल किया। तीन जज ने उन्हें 10-9 और दो जजों ने 10-8 से बढ़त दी, जिससे मुकाबले पर उनकी पकड़ और मजबूत हो गई।

अंतिम राउंड में बढ़त लगभग तय होने के बावजूद प्रीति ने संयम नहीं खोया। उन्होंने शानदार पंच संयोजन और सही समय पर हमले करते हुए सर्वसम्मत निर्णय से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

यह प्रीति पवार का राष्ट्रमंडल खेलों में पहला पदक होगा। इससे पहले उन्होंने 2022 हांगझोउ एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था। अब उनकी नजरें फाइनल में पहुंचकर पदक का रंग बदलने पर होंगी।

भाषा

आनन्द सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में