सिंधू इंडोनेशिया ओपन से बाहर, हरिहरन और अर्जुन की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में

Ads

सिंधू इंडोनेशिया ओपन से बाहर, हरिहरन और अर्जुन की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 07:14 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 07:14 PM IST

जकार्ता, चार जून (भाषा) दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू को लगातार दूसरे सप्ताह विश्व की नंबर एक खिलाड़ी आन से यंग से हार का सामना करना पड़ा जिससे वह गुरुवार को यहां इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

सिंधू पिछले सप्ताह सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी से हार गई थीं। सिंधू ने इंडोनेशिया ओपन के राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया और आखिर में 17-21, 14-21 से हार गईं।

इस हार से सिंधू की ओलंपिक चैंपियन के खिलाफ हार का सिलसिला 10 मैच तक बढ़ गया। भारतीय खिलाड़ी अभी तक आन के खिलाफ एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाई है।

इस बीच हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की पुरुष युगल जोड़ी ने आरोन ताइ और केंग खाई शिंग की मलेशिया की बेहतर रैंकिंग वाली जोड़ी को हराकर उलटफेर करते हुए पहली बार किसी बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 1000 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। हरिहरन और अर्जुन ने राउंड ऑफ 16 मैच में पहला गेम गंवाने के बाद 16-21, 21-15, 21-19 से जीत दर्ज की।

मलेशिया की इस जोड़ी ने ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप 2026 के पहले दौर में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारत की स्टार जोड़ी को हराया था।

हरिहरन और अर्जुन की जोड़ी ने पहला गेम गंवाने के बाद दूसरे गेम में जोरदार वापसी की और मैच को निर्णायक गेम में खींचाा। आखिरी गेम में भारतीय जोड़ी 16-17 से पीछे चल रही थी लेकिन उन्होंने धैर्य बरकरार रखते हुए 48 मिनट में जीत हासिल कर ली।

भारतीय जोड़ी अब अगले दौर में सातवीं वरीयता प्राप्त मलेशिया के गोह जे फेई और नूर इज्जुद्दीन से भिड़ेगी।

पुरुषों के एकल वर्ग में आयुष शेट्टी को हांगकांग के ली चेउक यिउ के खिलाफ 21-16, 13-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा।

सिंधू और आन ने पहले गेम के शुरू में एक दूसरे के सामने कड़ी चुनौती पेश की। एक समय स्कोर 10-10 पर बराबर था। इस दौरान सिंधू ने अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म की झलक दिखाई और कोरियाई खिलाड़ी पर दबाव बनाने में कामयाब रहीं।

सिंधू अपने आक्रामक स्ट्रोकप्ले के दम पर 15-14 से आगे निकल गई, लेकिन आन ने अपने खास अंदाज में जवाब देते हुए लगातार अंक हासिल किए और 19-16 की बढ़त बना ली।

इसके बाद कोरियाई खिलाड़ी ने लगातार दो अंक जीते और पहला गेम अपने नाम कर लिया। इस दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच 41 शॉट की रैली भी देखने को मिली।

आन ने दूसरे गेम में आक्रामक शुरुआत की और 13-6 की बढ़त हासिल कर ली। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बावजूद प्रत्येक अंक के लिए संघर्ष जारी रखा। उन्होंने इस बीच कुछ महत्वपूर्ण अंक भी हासिल किये।

लेकिन आन का कोर्ट कवरेज अच्छा था और उन्हें मैच जीत कर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

भाषा पंत

सुधीर मोना

मोना