नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने सोमवार को इम्फाल स्थित राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय (एनएसयू) का दौरा किया, जहां उन्होंने स्थायी परिसर की प्रगति की समीक्षा की और संस्थान से जुड़े खिलाड़ियों, छात्रों, प्रशिक्षकों तथा अधिकारियों से बातचीत की।
क्षेत्र में खेल व्यवस्था की समीक्षा के तहत उन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) इम्फाल का भी दौरा किया।
इस दौरे के दौरान उनके साथ राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय के कुलपति दलजीत सिंह चौधरी, मणिपुर सरकार के खेल सचिव एन. प्रवीण सिंह, साइ के क्षेत्रीय निदेशक सी. धंडापानी सहित विश्वविद्यालय और भारतीय खेल प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सुबह के समय खडसे खिलाड़ियों के दैनिक प्रशिक्षण सत्र में भी शामिल हुईं। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ फिटनेस और कंडीशनिंग गतिविधियों में हिस्सा लिया तथा वार्म-अप, अभ्यास और खेल-विशेष प्रशिक्षण सत्रों का अवलोकन किया।
मंत्री ने इम्फाल पश्चिम जिले के काउट्रुक स्थित राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर में निर्माण और बुनियादी ढांचा विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। लगभग 325 एकड़ में फैला यह परिसर अब पूर्णता के करीब है। इसका करीब 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
खडसे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में खेल अवसंरचना, खिलाड़ी विकास और खेल शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व निवेश हो रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय भारतीय खेलों के भविष्य को नई दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण संस्थान साबित होगा और विज्ञान, अनुसंधान, नवाचार तथा उत्कृष्टता पर आधारित मजबूत खेल तंत्र तैयार करेगा।
खडसे ने इसके बाद साइ राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, इम्फाल का दौरा कर पूर्वोत्तर क्षेत्र के प्रतिभाशाली और एलीट खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर