संघर्षरत एलएसजी के खिलाफ आरसीबी को बल्लेबाजों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद

संघर्षरत एलएसजी के खिलाफ आरसीबी को बल्लेबाजों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद

संघर्षरत एलएसजी के खिलाफ आरसीबी को बल्लेबाजों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद
Modified Date: April 14, 2026 / 12:15 pm IST
Published Date: April 14, 2026 12:15 pm IST

(जी उन्नीकृष्णन)

बेंगलुरु, 14 अप्रैल (भाषा) मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) अब तक अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने में नाकाम रही लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की टीम के खिलाफ बुधवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में अपने बल्लेबाजों से फिर से धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगा।

आरसीबी अभी छह अंकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर हैं और चार अन्य टीमें चार-चार अंकों के साथ उसका पीछा कर रही हैं। बेंगलुरु की टीम शीर्ष पर काबिज राजस्थान रॉयल्स से दो अंक और पंजाब किंग्स से एक अंक पीछे है।

लेकिन सच्चाई यह है कि आईपीएल के इस सत्र में आरसीबी के बल्लेबाजों ने गेंदबाजों के मन में जितना खौफ पैदा किया है, उतना कोई अन्य टीम नहीं कर पाई है। आरसीबी के बल्लेबाजों ने अभी तक एकजुट होकर प्रदर्शन किया है और सभी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह उसके शीर्ष पांच बल्लेबाजों के स्ट्राइक रेट में साफ झलकता है।

विराट कोहली (स्ट्राइक रेट 162), फिल साल्ट (178), रजत पाटीदार (214), टिम डेविड (221) और देवदत्त पडिक्कल (201) ने आईपीएल 2026 में सभी टीमों के गेंदबाजों के सामने कड़ी चुनौती पेश की है।

इन पांचों बल्लेबाजों ने मिलकर चार मैचों में कुल 52 छक्के जड़े हैं। आईपीएल के इस सत्र में अभी तक आरसीबी ने सर्वाधिक छक्के जड़े हैं और उन्होंने ‘रेंज-हिटिंग’ को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया है।

इसी का नतीजा है कि आरसीबी में वर्तमान सत्र में अभी तक किसी भी मैच में 200 से कम रन नहीं बनाए हैं जिससे उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा लगाया जा सकता है।

आरसीबी अपने घरेलू मैदान पर अगले तीन मैच में भी परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाना चाहेगा। वह एलएसजी के बाद दिल्ली कैपिटल्स (18 अप्रैल) और गुजरात टाइटन्स (24 अप्रैल) के खिलाफ यहां मैच खेलेगा। इसके बाद वह अपने अंतिम दो घरेलू मैच रायपुर में खेलेगा।

लेकिन क्या चिन्नास्वामी स्टेडियम में सुपर जायंट्स के गेंदबाजी आक्रमण से उन्हें किसी तरह की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। एलएसजी की तरफ से अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और दिग्वेश राठी ने अब तक प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।

शमी की 6.2 की इकॉनमी अब तक नियमित गेंदबाजों में सर्वश्रेष्ठ है, लेकिन इस तिकड़ी को बेंगलुरु की सपाट पिच पर आरसीबी के बल्लेबाजों के खिलाफ सटीक गेंदबाजी करनी होगी।

गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद एलएसजी तालिका में सातवें स्थान पर है और इसका मुख्य कारण उसके बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन है।

ऋषभ पंत की अगुवाई वाला बल्लेबाजी क्रम अभी तक लय में नहीं आया है। स्वयं कप्तान पंत चार मैचों में 130 के स्ट्राइक रेट से 103 रन ही बना पाए हैं।

मिचेल मार्श, एडन मार्क्रम, निकोलस पूरन जैसे अन्य शीर्ष बल्लेबाज तथा आयुष बडोनी और अब्दुल समद जैसे युवा भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। मुकुल चौधरी ने उम्मीद जगाई है लेकिन उन्हें अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखनी होगी।

आरसीबी के गेंदबाजों का प्रदर्शन अभी तक उतार चढ़ाव वाला रहा है और एलएसजी के बल्लेबाज उसकी कमजोरी का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।

टीम इस प्रकार हैं:

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, टिम डेविड, जैकब बेथेल, रोमारियो शेफर्ड, जोश हेज़लवुड, नुवान तुषारा, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, रसिख डार, भुवनेश्वर कुमार, जॉर्डन कॉक्स, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, स्वप्निल सिंह, जैकब डफी, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, मंगेश यादव, फिल साल्ट, सात्विक देसवाल। विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा।

लखनऊ सुपर जायंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान), एडेन मार्क्रम, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस, मिचेल मार्श, अब्दुल समद, शाहबाज़ अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, वानिंदु हसरंगा, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, एम. सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, अर्जुन तेंदुलकर, एनरिक नोर्किया, नमन तिवारी, मयंक यादव, मोहसिन खान।

मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में