रियाल मैड्रिड की मैनचेस्टर सिटी पर आसान जीत, पीएसजी ने चेल्सी को हराया
रियाल मैड्रिड की मैनचेस्टर सिटी पर आसान जीत, पीएसजी ने चेल्सी को हराया
मैड्रिड, 12 मार्च (एपी) फेडेरिको वाल्वरडे की शानदार हैट्रिक की मदद से रियाल मैड्रिड ने चैंपियंस लीग फुटबॉल टूर्नामेंट की दो दिग्गज टीमों के बीच खेले गए अंतिम 16 के पहले चरण के मुकाबले में मैनचेस्टर सिटी को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
वाल्वरडे ने बर्नबेउ में खेले गए मैच के पहले हाफ में 20वें, 27वें और 42वें मिनट में गोल किए। उरुग्वे के इस अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ने चोटिल होने के कारण नहीं खेल पाने वाले किलियन एमबाप्पे, जूड बेलिंगहैम और रोड्रिगो की अनुपस्थिति में रिकॉर्ड 15 बार के चैंपियन रियाल मैड्रिड की जिम्मेदारी बखूबी संभाली।
रियाल मैड्रिड के कोच अल्वारो अर्बेलोआ ने ब्रॉडकास्टर मोविस्टार से कहा, ‘‘हम रियाल मैड्रिड हैं। हमें कभी चुका हुआ समझने की गलती नहीं करें।’’
यह जीत और भी शानदार हो सकती थी, लेकिन विनीसियस जूनियर दूसरे हाफ में पेनल्टी को गोल में नहीं बदल पाए। उनके शॉट को जियानलुइगी डोनारुम्मा ने बचा लिया।
मैनचेस्टर सिटी को अगर अब क्वार्टर फाइनल में पहुंचना है तो उसे दूसरे चरण के मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
अन्य मैचों में मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने चेल्सी को 5-2 से हराया। पीएसजी पिछले साल क्लब विश्व कप के फाइनल में चेल्सी से हार गया था और उसने एक तरह से उसका बदला चुकता कर दिया। अब वह तीन गोल की बढ़त के साथ दूसरे चरण का मैच खेलेगा।
एक कम मशहूर टीम बोडो-ग्लिम्ट भी स्पोर्टिंग लिस्बन पर 3-0 की जीत से क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के करीब है। आर्सेनल और बायर लेवरकुसेन के बीच खेला गया पहले चरण का मैच 1-1 से ड्रॉ रहा।
एपी
पंत
पंत

Facebook


