हैदराबाद, दो मई (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के गेंदबाजी कोच टिम साउथी ने रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मैच में श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को अंतिम एकादश में शामिल करने को लेकर संशय बरकरार रखते हुए कहा कि टीम प्रबंधन परिस्थितियों को देखकर सर्वश्रेष्ठ टीम का चयन करेगा।
पथिराना टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 16 फरवरी को खेले गए मैच के दौरान चोटिल हो गए थे जिसके कारण वह आईपीएल की शुरुआती मैचों के लिए उपलब्ध नहीं थे लेकिन अब वह फिट हो गए हैं।
साउथी ने मैच की पूर्व संध्या पर मीडिया से कहा, ‘‘वह कुछ समय से टीम के साथ है। हम परिस्थितियों को देख कर अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम का चयन करेंगे। वह अभ्यास के दौरान अच्छी गेंदबाजी कर रहा है और उसका टीम के साथ होना अच्छा है।’’
यह दुविधा केकेआर की विजयी संयोजन में बदलाव करने की अनिच्छा के कारण हो सकती है, क्योंकि इस सत्र में सात मैचों तक जीत दर्ज करने के लिए संघर्ष करने के बाद आखिरकार उन्होंने लगातार दो जीत हासिल की हैं।
साउथी ने इस बात पर सहमति जताई कि टीम चयन में कई चीजों का ध्यान रखना होता है।
उन्होंने कहा, ‘‘टीम के चयन में आप कई बातों को ध्यान में रखते हैं जिनमें टीम का संयोजन और संतुलन प्रमुख हैं। हम कल परिस्थितियों का आकलन करके अपनी अंतिम एकादश का चयन करेंगे।’’
साउथी ने कहा कि ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे शीर्ष बल्लेबाजों से सजी सनराइजर्स की मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप के सामने, केकेआर का ध्यान पावरप्ले पर होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने आईपीएल में देखा है कि जो टीम शुरुआती ओवरों में विकेट लेने में सफल रहती है उसे काफी सफलता मिली है। इसलिए अच्छी शुरुआत करना काफी महत्वपूर्ण है।’’
भाषा
पंत नमिता
नमिता