साइ में पुनर्गठन: टॉप्स को सभी ओलंपिक खेलों की जिम्मेदारी सौंपी गई
साइ में पुनर्गठन: टॉप्स को सभी ओलंपिक खेलों की जिम्मेदारी सौंपी गई
नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के रोजमर्रा के कामकाज में फेरबदल करते हुए एनएस जोहल के नेतृत्व वाले ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना’ (टॉप्स) डिवीजन को सभी 27 ओलंपिक खेलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा उन्हें खेल मंत्रालय द्वारा कहे जाने पर राष्ट्रीय महासंघों में प्रशासन से जुड़े मुद्दों को सुलझाने का काम भी दिया गया है।
खेल सचिव और साइ के महानिदेशक हरि रंजन राव द्वारा जारी एक आदेश में टॉप्स डिवीजन को साइ और संबंधित राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) के बीच मुख्य संपर्क सूत्र के तौर पर काम करने का जिम्मा भी सौंपा गया है।
जोहल पहले से ही ‘टारगेट एशियाई खेल समूह’ (टैग) के प्रभारी हैं जो अब टॉप्स के तहत एक उप समूह के तौर पर काम करता रहेगा।
साइ के एक शीर्ष सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘यह कदम कामकाज में बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने और रुकावटों को दूर करने के लिए उठाया गया है।’’
टॉप्स की शुरुआत 2014 में मुख्य रूप से मुक्केबाजी, बैडमिंटन और एथलेटिक्स जैसे उच्च प्राथमिकता वाले खेलों में शीर्ष स्तर के खिलाड़ियों को उनके प्रशिक्षण और प्रतियोगिता की योजना बनाने में सहायता देने के उद्देश्य से की गई थी।
अब से एक्वेटिक्स, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, कैनोइंग, साइकिलिंग, घुड़सवारी, तलवारबाजी, गोल्फ, जिम्नास्टिक्स, हॉकी, जूडो, मॉडर्न पेंटाथलन, रोइंग, नौकायन, निशानेबाजी, स्केटबोर्डिंग, स्पोर्ट क्लाइंबिंग, स्क्वाश, सर्फिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, टेनिस, ट्रायथलन, भारोत्तोलन और कुश्ती की पूरी देखरेख टॉप्स करेगा।
आदेश में कहा गया है कि साइ और संबंधित राष्ट्रीय खेल महासंघों, संघों और हितधारकों के बीच टॉप्स सौंपे गए खेलों के लिए मुख्य संपर्क सूत्र के रूप में काम करेगा।
यह प्रभाग मंत्रालय द्वारा निर्देशित किए जाने पर प्रशासन संबंधी मुद्दों, विकास प्रस्तावों और आवंटित विषयों के लिए एनएसएफ के बजट संबंधी मामलों को भी देखेगा।
ओलंपिक खेलों, एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों, युवा ओलंपिक, एशियाई युवा खेलों और एशियाई बीच खेलों में भागीदारी के लिए समग्र समन्वय का जिम्मा भी टॉप्स को सौंपा गया है।
जोहल के ही अंतर्गत आने वाला ‘ट्रेनिंग ऑफ एलीट एथलीट्स एंड मैनेजमेंट सपोर्ट डिवीजन’ (टीम्स) उन विषयों से संबंधित कार्यों का प्रबंधन करेगा जिन्हें टॉप्स नहीं संभाल रहा है। इनमें पैरा, शीतकालीन और गैर ओलंपिक खेल शामिल हैं।
जोहल एक पूर्व ओलंपियन नाविक (सेलर) हैं।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों, गणतंत्र दिवस, राष्ट्रपति भवन और प्रधानमंत्री कार्यालय के कार्यक्रमों के समन्वय का काम भी टीम्स प्रभाग ही संभालेगा।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


