रोहित को हटाकर गिल को आस्ट्रेलिया दौरे के लिये वनडे टीम का कप्तान बनाया

Ads

रोहित को हटाकर गिल को आस्ट्रेलिया दौरे के लिये वनडे टीम का कप्तान बनाया

  •  
  • Publish Date - October 4, 2025 / 04:33 PM IST,
    Updated On - October 4, 2025 / 04:33 PM IST

अहमदाबाद, चार अक्टूबर (भाषा) एक बड़े बदलाव के तहत भारतीय चयनकर्ताओं ने शनिवार को रोहित शर्मा को एक दिवसीय टीम की कप्तानी से हटाकर विश्व कप 2027 के मद्देनजर युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को आगामी आस्ट्रेलिया दौरे के लिये टीम की कमान सौंपी है ।

इसे गिल को सभी प्रारूपों में कप्तानी सौंपने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है ।

रोहित और विराट कोहली को 15 सदस्यीय भारतीय टीम में चुना गया है जिसकी घोषणा शनिवार को बीसीसीआई ने की ।

श्रेयस अय्यर को तीन मैचों की श्रृंखला के लिये उपकप्तान बनाया गया है ।

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को कार्यभार प्रबंधन के तहत वनडे श्रृंखला से आराम दिया गया है । बायें हाथ के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की वनडे टीम में वापसी हुई है ।

वनडे मैच 19 से 25 अक्टूबर के बीच सिडनी, एडीलेड और मेलबर्न में खेले जायेंगे जिसके बाद पांच मैचों की टी20 श्रृंखला होनी है ।

चयन समिति के प्रमुख अजित अगरकर ने पुष्टि की कि रोहित को कप्तानी में बदलाव के बारे में बता दिया गया है लेकिन जब यह पूछा गया कि क्या विराट और रोहित विश्व कप 2027 खेलेंगे तो उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया ।

अगरकर ने कहा ,‘‘ वे अभी इसी प्रारूप में खेल रहे हैं और हमने उन्हें चुना है । जहां तक 2027 विश्व कप का सवाल है तो मुझे नहीं लगता कि उसके बारे में आज कप्तानी में बदलाव के साथ बात करने की जरूरत है ।’’

यह पूछने पर कि रोहित ने इस फैसले को किस तरह लिया है, उन्होंने कहा ,‘‘ यह चयन समिति और रोहित के बीच की बात है ।’’

अगरकर ने साफ तौर पर कहा कि अब कुछ ही वनडे खेलने हैं लिहाजा तीन अलग अलग कप्तान रखना असंभव है क्योंकि इससे रणनीति बनाने में दिक्कत होती है ।

उन्होंने कहा ,‘‘ यह व्यवहारिक तौर पर संभव नहीं है कि तीन प्रारूपों में तीन कप्तान हों । इससे रणनीति बनाना मुश्किल हो जाता है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ एक समय पर जाकर आप अगले विश्व कप पर विचार करेंगे और यह प्रारूप अब बहुत कम खेला जाता है । इसलिये अगले कप्तान को देने के लिये ज्यादा मैच भी नहीं है । उसे खुद को तैयार करने और रणनीति बनाने के लिये समय दिया जाना जरूरी है ।’

आस्ट्रेलिया दौरे के लिये भारतीय वनडे टीम :

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल , यशस्वी जायसवाल ।

भारतीय टी20 टीम :

सूर्यकुमार यादव (कप्तान ), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, वरूण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा ,संजू सैमसन, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर ।

भाषा

मोना नमिता

नमिता