सहजा यमलापल्ली और माया राजेश्वरन मुंबई ओपन डब्ल्यूटीए से बाहर

Ads

सहजा यमलापल्ली और माया राजेश्वरन मुंबई ओपन डब्ल्यूटीए से बाहर

  •  
  • Publish Date - February 3, 2026 / 09:53 PM IST,
    Updated On - February 3, 2026 / 09:53 PM IST

मुंबई, तीन फरवरी (भाषा)  सहजा यमलापल्ली, माया राजेश्वरन रेवती, श्रीवल्ली भामिदिपति और वैष्णवी अदकर जैसी भारतीय खिलाड़ी मंगलवार को यहां मुंबई ओपन डब्ल्यूटीए 125के सीरीज के महिला एकल के अंतिम 32 दौर के मुकाबलों में हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

भारत की नंबर एक महिला एकल खिलाड़ी सहजा  को जापान की एरी शिमिजु ने एक घंटे 50 मिनट चले मुकाबले में 7-5, 6-2 से हराया।

श्रीवल्ली पर क्रिस्टियाना सिडोरोवा ने सधी हुई रणनीति के साथ 6-1, 6-3 से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।

थाईलैंड की पांचवीं वरीय लानलाना तरारुदी 16 वर्षीय भारतीय वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी माया राजेश्वरन पर भारी पड़ीं। पिछले सत्र की सेमीफाइनलिस्ट माया ने दोनों सेट में संघर्ष किया। तरारुदी ने मुकाबला 6-3, 6-2 से अपने नाम किया।

पिछले साल फ्रेंच ओपन जूनियर्स का खिताब जीतने वाली ऑस्ट्रिया की लिली टैगर ने महाराष्ट्र की वैष्णवी को कड़े मुकाबले में 7-5, 6-4 से हराया।

अन्य मुकाबलों में दार्जा सेमेनिस्ताजा, यास्मीन कब्बाज, एरी शिमिजु, सोह्युन पार्क, फांग्रान तियान, तातियाना प्रोजोरोवा और हाने वांडविविंकल ने अपने-अपने मैच जीतकर प्री-क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।

साल 2024 की चैंपियन सेमेनिस्ताजा ने इटली की डिलेत्ता चेरुबिनी के खिलाफ सीधे सेटों में सहज जीत दर्ज की।

इस बीच, भारतीय खिलाड़ी रुतुजा भोसले थाईलैंड की पेंगटार्न प्लिपुएच के साथ युगल वर्ग में शीर्ष वरीय जोड़ी के रूप में चार से आठ फरवरी तक होने वाले युगल मुख्य ड्रॉ में उतरेंगी। 

भारत की नंबर चार और नंबर पांच महिला युगल खिलाड़ी अंकिता रैना और श्रीवल्ली की जोड़ी फ्रांस की लियोलिया जांजां और जापान की नाइमा करामोको की जोड़ी से भिड़ेगी।

भारत की नंबर दो महिला युगल खिलाड़ी प्रार्थना थोम्बरे 21 वर्षीय अलेवतीना इब्रागिमोवा के साथ जोड़ी बनाकर चुनौती पेश करेंगी।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर