सैंटनर को टी20 विश्व कप अभियान आगे बढ़ाने के लिए तेज गेंदबाजों पर भरोसा
सैंटनर को टी20 विश्व कप अभियान आगे बढ़ाने के लिए तेज गेंदबाजों पर भरोसा
चेन्नई, सात फरवरी (भाषा) न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने शनिवार को कहा कि उन्हें अपनी तेज गेंदबाजी इकाई की विविधता पर भरोसा है कि वे टी20 विश्व कप के दौरान ‘पावरप्ले’ और ‘डेथ ओवरों’ में विपक्षी बल्लेबाजों को शांत रखेंगे जिसमें गेंदबाज आमतौर पर रन लुटाते हैं।
तेज गेंदबाजों से आक्रमण में मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, काइल जैमीसन और जैकब डफी के अलावा ऑलराउंडर जेम्स नीशाम भी शामिल हैं।
सैंटनर अफगानिस्तान के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि जब आप भारत आते हैं तो आपको पिच से ज्यादा ‘लेटरल मूवमेंट’ नहीं दिखता। इसलिए मुझे लगता है कि स्विंग और उछाल अहम है। इसलिए अगर डफी गेंद को स्विंग करा सकते हैं तो वह बल्लेबाजों के लिए एक चुनौती हैं। हमारे सभी तेज गेंदबाज हमें अलग-अलग विकल्प देते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लॉकी के पास ज्यादा रफ्तार और स्विंग है। जैमीसन दोनों तरफ स्विंग करा सकते हैं। मैट हैनरी गेंद को अंदर ला सकते हैं। डफी स्विंग करा सकते हैं। इसलिए हमें चुनना है कि कौन हमारे लिए सबसे अच्छे होंगे। ’’
सैंटनर ने कहा कि भारत के खिलाफ हाल में हुई पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला हारने के बावजूद उनकी टीम को कुछ अच्छी बातें पता चली हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है फिर से हमें गेंदबाजी में चुनौती मिली, खासकर शुरुआत में। जिस तरह से अभिषेक (शर्मा), (ईशान) किशन, शिवम (दुबे) खेले उससे पावर प्ले में हमं कड़ी चुनौती मिली। इसलिए मुझे लगता है कि यह इस विश्व कप में एक ‘थीम’ होने वाली है कि टीमें पावरप्ले में अच्छी शुरुआत करने की कोशिश करेंगी। ’’
सैंटनर ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि आप कैसे जल्दी दो, तीन विकेट ले सकते हैं और टीम की बल्लेबाजी को धीमा कर सकते हैं। मुझे लगता है कि श्रीलंका की परिस्थितियां भारत से थोड़ी अलग होंगी। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर सपाट पिच मिलती है तो शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को हावी होकर रन बनाने की कोशिश करनी होगी और फिर गेंद से जितना हो सके उतने विकेट लेने की कोशिश करनी है। ’’
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


