लाहौर, 25 जुलाई (भाषा) अनुभवी खिलाड़ी सऊद शकील को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट और उसके बाद इंग्लैंड में होने वाली तीन टेस्ट मैचों श्रृंखला के लिए चोटिल अब्दुल्ला फजल की जगह पाकिस्तान की टीम में शामिल किया जा सकता है।
मई में बांग्लादेश में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले फजल शनिवार से तारौबा में वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से पूर्व अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए थे। उनके पीठ के निचले हिस्से में चोट लगी है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कहा कि फजल को चोट से उबरने के लिए कुछ समय की जरूरत पड़ेगी।
शकील को उनकी फिटनेस और फॉर्म को देखते हुए वेस्टइंडीज के दौरे के लिए टीम में नहीं चुना गया था। शकील ने अभी तक 23 टेस्ट मैचों में 43 के औसत से 1802 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं।
भाषा
पंत
पंत