सिद्दीकी के पांच विकेट से यूएई ने कनाडा को सात विकेट पर 150 रन पर रोका

सिद्दीकी के पांच विकेट से यूएई ने कनाडा को सात विकेट पर 150 रन पर रोका

सिद्दीकी के पांच विकेट से यूएई ने कनाडा को सात विकेट पर 150 रन पर रोका
Modified Date: February 13, 2026 / 04:58 pm IST
Published Date: February 13, 2026 4:58 pm IST

नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा) जुनैद सिद्दीकी के पांच विकेट से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने आईसीसी टी20 विश्व कप ग्रुप डी मैच में शुक्रवार को यहां हर्ष ठाकुर की अर्धशतकीय पारी के बावजूद कनाडा को सात विकेट पर 150 रन पर रोक दिया।

सिद्दीकी ने चार ओवर में 35 रन देकर पांच झटके। उन्होंने शुरुआती ओवरों में ही कनाडा के सलामी बल्लेबाजों को चलता कर दबाव बना दिया था।

ठाकेर ने 41 गेंद की पारी में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 50 रन की पारी खेली। उन्होंने 38 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद नवनीत धालीवाल के साथ 47 गेंद में 58 रन की साझेदारी कर पारी को सवारा। धालीवाल ने 28 गेंद में चार चौके की मदद से 34 रन बनाये।

पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद कनाडा के कप्तान दिलप्रीत सिंह (11) ने वामहस्त स्पिनर हैदर अली के खिलाफ पहले ओवर में चौका लगाया लेकिन अगले ओवर में सिद्दीकी के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में मुहम्मद वसीम को कैच दे बैठे।

युवराज सामरा (पांच) जीवनदान का फायदा उठाने में नाकाम रहे और चौथे ओवर में सिद्दीकी का दूसरा शिकार बन गये।

क्रीज पर आये नवनीत धालीवाल ने लगातार ओवर में दो शानदार चौके जड़े लेकिन मुहम्मद जवादुल्लाह ने गेंद थामते ही निकोलस किरटन (चार) को विकेट के पीछे आर्यांश शर्मा के हाथों कैच कराया। पावरप्ले में टीम ने 39 रन तक तीन विकेट गंवा दिये।

ठाकेर ने हैदर के खिलाफ सातवें ओवर में लगातार गेंदों पर चौका और छक्का लगाकर हाथ खोला तो वहीं धालीवाल ने दौड़कर रन चुराने पर ध्यान दिया। ठाकेर ने मुहम्मद अरफान की फुलटॉस गेंद को दर्शकों के दर्शन कराये।

धालीवाल ने शानदार टाइमिंग का इस्तेमाल कर मुहम्मद फारूक के खिलाफ लांग ऑन की दिशा में चौका जड़ने के बाद कवर क्षेत्र के ऊपर से ओवर का दूसरा चौका लगाकर ठाकेर के साथ अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की।

धालीवाल हालांकि दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गये जब उनका बल्ला क्रीज पर अटक गया और अरफान के थ्रो ने गिल्लियां बिखेर दी।

श्रेयस मोव्वा (21) ने मिड ऑफ क्षेत्र में शॉट खेल एक रन चुरा कर 14 ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया। ठाकेर ने कौशिक के खिलाफ छक्का लगाया तो वही मोव्वा ने अरफान के खिलाफ ‘लैप स्कूप’ शॉट खेल गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया।

ठाकेर ने सिद्दीकी के खिलाफ एक रन के साथ 40 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह हालांकि अपनी पारी को और आगे नहीं बढ़ा सके और मुहम्मद जवादुल्लाह की गेंद पर मंयक कुमार को कैच देकर पवेलियन लौटे।

सिद्दीकी ने आखिरी ओवर में मोव्वा और साद बिन जफर (चार) को आउट कर पांच विकेट पूरे किये।

दिलन हेइलिगर ने पारी की अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर टीम के स्कोर को 150 रन तक पहुंचाया।

भाषा आनन्द मोना

मोना


लेखक के बारे में