लक्ष्य, सिंधू सिंगापुर ओपन में भारतीय चुनौती रखेंगे

लक्ष्य, सिंधू सिंगापुर ओपन में भारतीय चुनौती रखेंगे

लक्ष्य, सिंधू सिंगापुर ओपन में भारतीय चुनौती रखेंगे
Modified Date: May 25, 2026 / 04:22 pm IST
Published Date: May 25, 2026 4:22 pm IST

सिंगापुर, 25 मई (भाषा) भारत के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन और पी वी सिंधू मंगलवार से यहां शुरू हो रहे दस लाख डॉलर ईनामी राशि के सिंगापुर ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में लय हासिल करके खिताब का सूखा खत्म करने की कोशिश करेंगे ।

राष्ट्रमंडल खेल चैम्पियन लक्ष्य पिछले सप्ताह पहले दौर से बाहर हो गए थे । वह पहले मैच में चीन के लू गुआंग झू से खेलेंगे । वह आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में खिताब जीतने के करीब पहुंचकर फाइनल में हार गए थे ।

महिला एकल में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू पहले दौर में इंडोनेशिया की पांचवीं वरीयता प्राप्त पुत्री कुसुमा वरदानी से खेलेंगी । थाईलैंड ओपन में क्वार्टर फाइनल तक पहुंची सिंधू विभिन्न टूर्नामेंटों से जल्दी बाहर होती आई है ।

एशियाई चैम्पियनशिप उपविजेता और थॉमस कप में कांस्य पदक जीतने में अहम भूमिका निभाने वाले आयुष शेट्टी कनाडा के विक्टर लाइ से खेलेंगे जिन्होंने पिछले साल विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था ।

दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत का सामना 2021 विश्व चैम्पियन लोह कीन यू से होगा ।

वहीं विश्व चैम्पियनशिप 2023 के कांस्य पदक विजेता एच एस प्रणय इंडोनेशिया के पांचवीं वरीयता प्राप्त जोनाथन क्रिस्टी से खेलेंगे ।

पोलिश ओपन विजेता दुनिया की 22वें नंबर की खिलाड़ी उन्नति हुड्डा का सामना पूर्व जूनियर विश्व चैम्पियन जापान की तोमोका मियाजाकी से होगा । मालविका बंसोड़ चीनी ताइपै की लिन सियांग ति से खेलेगी ।

पुरूष युगल में सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का सामना अमेरिका के चेन झि यि और प्रेसली स्मिथ से होगा ।

हरिहरन अम्साकारूनन और एम आर अर्जुन की टक्कर जापान के सातवीं वरीयता प्राप्त ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी से होगी । महिला युगल में कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी का सामना स्पेन की पाउला लोपेज और लूसिया रौद्रिगेज से होगा जबकि रूतुपर्णा और स्वेतापर्णा पांडा की टक्कj थाईलैंड की फत्तारिन ए और सरिसा जानपेंग से होगी ।

अश्विनी भट के और शिखा गौतम चीनी ताइपै के चांग सिंग हुइ और यांग चिंग तुन से खेलेंगे ।

भाषा मोना सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में