एएफसी महिला एशियाई कप के लिए भारतीय टीम में छह नये खिलाडियों को मिली जगह
एएफसी महिला एशियाई कप के लिए भारतीय टीम में छह नये खिलाडियों को मिली जगह
नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) भारत ने अगले महीने ऑस्ट्रेलिया में होने वाले एएफसी महिला एशियाई कप फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए शुक्रवार को घोषित 26 सदस्यीय टीम में छह नए खिलाड़ियों को शामिल किया है।
टीम का लक्ष्य ग्रुप चरण से आगे बढ़कर क्वार्टरफाइनल तक पहुंचना है। क्वार्टरफाइनल में जगह बनाने से टीम को पहली बार फीफा महिला विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने का अवसर मिलेगा।
टीम में शामिल 26 खिलाड़ियों में आठ खिलाड़ी (स्वीटी देवी नगमबाम, शिल्की देवी हेमा, संजू, अंजू तामांग, प्यारी खाखा, ग्रेस डांगमेई, मनीषा कल्याण और सुमिया नारायणासामी ) पिछले एशियाई कप 2022 के सदस्य थे, जो भारत में आयोजित हुआ था। उस टूर्नामेंट में भारत को सिर्फ एक मैच खेलने के बाद टीम में कोविड-19 का मामला मिलने के कारण प्रतियोगिता से हटना पड़ा था।
टीम में शामिल डिफेंडर सरिता युमनाम और सुष्मिता लेप्चा, मिडफील्डर जसोडा मुंडा, सन्फिदा नोंगरम और अवेका सिंह तथा फॉरवर्ड कविया पक्किरिसामी को अंतरराष्ट्रीय पदार्पण का इंतजार है।
भारत ग्रुप सी में अपने अभियान का आगाज चार मार्च को पर्थ में वियतनाम के खिलाफ करेगा। इसके बाद सात मार्च को उसी मैदान पर जापान से मुकाबला होगा, जबकि ग्रुप चरण का अंतिम मैच 10 मार्च को सिडनी में चाइनीज ताइपेई के खिलाफ खेला जाएगा।
हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें और दो सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान की टीमें क्वार्टरफाइनल में प्रवेश करेंगी। क्वार्टरफाइनल की चार विजेता टीमें सीधे 2027 फीफा महिला विश्व कप (ब्राजील) के लिए क्वालीफाई करेंगी।
क्वार्टरफाइनल में हारने वाली टीमें एएफसी को आवंटित दो शेष प्रत्यक्ष स्थानों के लिए प्ले-ऑफ खेलेंगी। इन प्ले-ऑफ मुकाबलों में हारने वाली टीमों को भी ब्राजील विश्व कप में जगह बनाने का एक और मौका अंतर-महाद्वीपीय प्ले-ऑफ टूर्नामेंट के जरिए मिलेगा।
भारतीय टीम:
गोलकीपर: पंथोई चानू इलांगबाम, श्रेया हुडा, सौम्या नारायणसामी।
डिफेंडर: अस्तम ओरांव, जूली किशन, मार्टिना थोकचोम, निर्मला देवी फांजौबाम, संजू, सरिता युमनाम, शिल्की देवी हेमम, सुष्मिता लेप्चा, स्वीटी देवी नगांगबम।
मिडफील्डर: अंजू तमांग, अवेका सिंह, बबीना देवी लिशम, जसोदा मुंडा, सन्फिदा नोंगरम, संगीता बासफोर।
फॉरवर्ड: ग्रेस डांगमेई, काव्या पक्किरिसामी, लिंडा कोम सर्टो, मालविका पी, मनीषा कल्याण, प्यारी खाखा, रिम्पा हलदर, सौम्या गुगुलोथ।
मुख्य कोच: अमेलिया वाल्वरडे
भाषा
आनन्द मोना
मोना

Facebook


