ग्रुप में बादशाहत बनाने के लिए एक दूसरे का सामना करेंगे दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड

ग्रुप में बादशाहत बनाने के लिए एक दूसरे का सामना करेंगे दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड

ग्रुप में बादशाहत बनाने के लिए एक दूसरे का सामना करेंगे दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड
Modified Date: February 13, 2026 / 12:16 pm IST
Published Date: February 13, 2026 12:16 pm IST

(अमनप्रीत सिंह)

अहमदाबाद, 13 फरवरी (भाषा) न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका का सुपर आठ में पहुंचना तय है और ऐसे में शनिवार को यहां जब दोनों टीम आमने-सामने होंगे तो उनका लक्ष्य टी20 विश्व कप के ग्रुप डी में शीर्ष स्थान हासिल करने की अपनी कोशिशों को अमली जामा पहनाना होगा।

दोनों टीमों ने अपने शुरुआती दो मैच जीते हैं। न्यूजीलैंड ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है।

अफगानिस्तान को छह विकेट पर 186 रन पर रोकने के बाद न्यूजीलैंड ने टिम सीफर्ट के 65 रन तथा ग्लेन फिलिप्स (42), मार्क चैपमैन (28) और डैरिल मिशेल (नाबाद 25) के योगदान की बदौलत 17.5 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर दिया।

इससे पहले सीफर्ट और फिन एलन के शानदार प्रदर्शन से न्यूजीलैंड ने यूएई को 10 विकेट से हराया था। उसने केवल 15.2 ओवरों में 174 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया था।

वहीं दक्षिण अफ्रीका ने दबाव में संयम बनाए रखते हुए अपनी आक्रामक क्षमता का बेहतरीन नमूना पेश किया है।

उन्होंने कनाडा के खिलाफ चार विकेट पर 213 रन बनाए, जिसमें कप्तान एडन मार्क्रम ने 32 गेंदों में 59 रन, डेविड मिलर (नाबाद 39) और ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 34) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके बाद गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी के 31 रन पर चार विकेट की मदद से उसने आसानी से जीत हासिल की।

दक्षिण अफ्रीका को हालांकि अफगानिस्तान के खिलाफ सुपर ओवर तक खिंचे मैच में जीत हासिल करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगानी पड़ी।

क्विंटन डीकॉक (59) और रयान रिकेल्टन (61) की शानदार पारियों की मदद से उसने छह विकेट पर 187 रन बनाए लेकिन रहमानुल्लाह गुरबाज के 84 और रन की बदौलत अफगानिस्तान ने मुकाबला टाई कर दिया।

दक्षिण अफ्रीका ने एक रोमांचक डबल सुपर ओवर में जीत हासिल की, जिसमें मिलर और स्टब्स ने दबाव में शानदार प्रदर्शन किया।

दक्षिण अफ्रीका ने अपने दोनों मैच इसी मैदान पर खेले हैं और वह यहां की पिच और परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित हैं जिसका उसे फायदा मिल सकता है।

अहमदाबाद की पिच पर अच्छी उछाल मिली है जिससे स्ट्रोक खेलने में मदद मिली है। इसके साथ ही तेज गेंदबाजों को भी मदद मिली है।

कैगिसो रबाडा और एनगिडी की अगुवाई में दक्षिण अफ्रीका का तेज गेंदबाजी आक्रमण पहले ही परिस्थितियों के अनुकूल ढल चुका है और उसके बल्लेबाजों ने विभिन्न मैच परिस्थितियों का अच्छी तरह से सामना किया है।

सीफर्ट और फिन एलन की आक्रामक शुरुआत ने मैच का माहौल बना दिया है, लेकिन दक्षिण अफ्रीका का नई गेंद का आक्रमण उन्हें शुरुआत में ही कड़ी चुनौती देगा।

दूसरी तरफ न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन पावरप्ले में डीकॉक और रिकेल्टन पर अंकुश लगाने की कोशिश करेंगे।

न्यूजीलैंड की रणनीति रही है कि वह पहली गेंद से ही आक्रामक खेल खेले। रबाडा की तेज उछाल पैदा करने की क्षमता और एनगिडी की बैक ऑफ लेंथ गेंदबाजी उस आक्रामकता की परीक्षा लेगी।

मैट हेनरी का नई गेंद पर नियंत्रण और शुरुआती ओवरों में गेंद को स्विंग कराने की क्षमता इस मुकाबले को रोमांचक बनाती है। मिचेल सैंटनर ने बीच के ओवरों में नियंत्रण बनाए रखा है। मार्क्रम उनकी इस लय बिगाड़ने की कोशिश करेंगे।

अगर मैच लंबा खिंचता है, तो दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों को आखिरी ओवरों में लॉकी फर्ग्यूसन की तेज गेंदबाजी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं दूसरी ओर न्यूजीलैंड अंतिम ओवरों में ग्लेन फिलिप्स और डैरिल मिशेल पर निर्भर है।

अगर ओस पड़ती है तो लक्ष्य का पीछा करना फिर से फायदेमंद साबित हो सकता है।

टीम इस प्रकार हैं:

न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, डेवोन कॉनवे, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिचेल, जेम्स नीशम, माइकल ब्रैसवेल, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, ट्रेंट बोल्ट, जैकब डफी और ईश सोढ़ी।

दक्षिण अफ्रीका: एडेन मार्क्रम (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेलटन, रीजा हेंड्रिक्स, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), मार्को यानसन, कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्टजे, केशव महाराज, तबरेज शम्सी और ब्योर्न फोर्टुइन।

मैच शाम 7:00 बजे शुरू होगा।

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में