खेल मंत्रालय कल से श्रीनगर में ‘चिंतन शिविर’ आयोजित करेगा
खेल मंत्रालय कल से श्रीनगर में ‘चिंतन शिविर’ आयोजित करेगा
नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) खेल मंत्रालय शुक्रवार से श्रीनगर में तीन दिवसीय ‘चिंतन शिविर’ आयोजित करेगा। इस शिविर में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खेल और युवा मामलों के मंत्री एक साथ जुटेंगे जिससे कि केंद्र-राज्य सहयोग को बढ़ाकर खेल प्रशासन और युवा विकास के ढांचों को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया जा सके।
यह कार्यक्रम रविवार को समाप्त होगा और शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। इसका नेतृत्व केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे जिनके साथ युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे भी मौजूद रहेंगी।
मंत्रालय के एक बयान में कहा गया, ‘‘यह चिंतन शिविर एक उच्च स्तरीय मंच के रूप में काम करेगा जहां व्यवस्थित विचार विमर्श किया जाएगा। इसका उद्देश्य केंद्र-राज्य सहयोग, नीतिगत तालमेल और संस्थागत एकीकरण को बढ़ाकर खेल प्रशासन और युवा विकास के ढांचों को मजबूत करना है।’’
बयान के अनुसार, ‘‘इस विचार-विमर्श में देश के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने पर विशेष रूप से जोर दिया जाएगा। इसमें ‘खेलो इंडिया मिशन’ के तहत पदक जीतने की रणनीतियों और खिलाड़ियों के विकास के रास्तों पर केंद्रित चर्चाएं होंगी, प्रस्तावित ‘खेलो भारत नीति’ के माध्यम से केंद्र-राज्य समन्वय को बेहतर बनाने पर बात होगी और प्रतिभा की पहचान तथा जमीनी स्तर पर खेल विकास की प्रणालियों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की जाएगी।’’
भाषा सुधीर नमिता
नमिता

Facebook


