श्रीलंका ने आयरलैंड को 20 रन से हराकर शानदार शुरूआत की

श्रीलंका ने आयरलैंड को 20 रन से हराकर शानदार शुरूआत की

श्रीलंका ने आयरलैंड को 20 रन से हराकर शानदार शुरूआत की
Modified Date: February 8, 2026 / 11:08 pm IST
Published Date: February 8, 2026 11:08 pm IST

कोलंबो, आठ फरवरी (भाषा) सह मेजबान श्रीलंका ने हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच में रविवार को आयरलैंड को 20 रन से हराया ।

पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर कामिंदु मेंडिस के 19 गेंद में 44 रन और कुसल मेंडिस के अर्धशतक की मदद से श्रीलंका ने खराब शुरूआत से उबरते हुए छह विकेट पर 163 रन बनाये ।

जवाब में आयरलैंड की टीम 19.5 ओवर में 143 रन पर आउट हो गई । रोस एडेयर ने 23 गेंद में 34 जबकि हैरी टेक्टर ने 34 गेंद में 40 रन बनाये ।

श्रीलंका के लिये महीष तीक्षणा ने चार ओवर में 23 रन देकर तीन और वानिंदु हसरंगा ने 25 रन देकर तीन विकेट लिये ।

आयरलैंड ने चौथे ओवर में कप्तान पॉल स्टर्लिंग का विकेट गंवा दिया जब स्कोर 24 रन था । रोस एडेयर ने हालांकि अच्छी बल्लेबाजी करते हुए टीम को पावरप्ले के आखिर में एक विकेट पर 45 रन तक पहुंचाया ।

स्टर्लिंग को एक रन के स्कोर पर कुसल मेंडिस ने जीवनदान दिया लेकिन वह उसका फायदा नहीं उठा सके और महीष तीक्षणा की गेंद पर बोल्ड हो गए ।

श्रीलंका को एडेयर का विकेट मिला जब वानिंदु हसरंगा ने अपने पहले ही ओवर में उन्हें रवाना किया । हैरी टेक्टर टीम को दस ओवर में दो विकेट पर 72 रन तक ले गए । आखिरी दस ओवर में आयरलैंड को 92 रन चाहिये थे । हसरंगा ने 16वें ओवर में टेक्टर को आउट करके सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया ।

इससे पहले श्रीलंका ने खराब शुरूआत के बाद छह विकेट पर 163 रन बनाये ।

विकेटकीपर कुसल ने 43 गेंद में पांच चौकों की मदद से 56 रन बनाये और पांचवें विकेट के लिये कामिंदु के साथ 67 रन की साझेदारी की। कामिंदु ने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाये । एक समय पर श्रीलंका का स्कोर 14वें ओवर में चार विकेट पर 86 रन था ।

श्रीलंका को आयरलैंड के खराब क्षेत्ररक्षण का भी फायदा मिला जिसने कुछ कैच टपकाये ।

पहले गेंदबाजी चुनने का आयरलैंड का फैसला सही साबित होता दिखने लगा जब श्रीलंका पहले चार ओवर में 28 रन ही बना सका और कामिल मिशारा (14) का विकेट भी गंवा दिया ।

मिशारा को एक जीवनदान भी मिला जिसका वह फायदा नहीं उठा सके और मार्क एडेयर की धीमी गेंद पर मिडआफ में कैच दे बैठे ।

सलामी बल्लेबाज पाथुम निसांका ने 23 गेंद में 24 रन बनाये । उन्होंने बायें हाथ के स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रे को डीप स्क्वेयर लेग पर छक्का लगाया तो ऐसा लग रहा था कि वह बड़ी पारी खेलेंगे ।

कुसल मेंडिस ने बैरी मैकार्थी को छठे ओवर में तीन चौके लगाकर श्रीलंका को पावरप्ले के बाद एक विकेट पर 50 रन तक पहुंचाया ।

इसके बाद आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने बायें हाथ के स्पिनर जॉर्ज डॉकरेल को गेंद सौंपी जिन्होंने पहले ओवर में चार ही रन दिये ।

डॉकरेल ने धीमी गेंद पर निसांका को ललचाया जो कवर में स्टर्लिग को कैच दे बैठे ।

इसके बाद उनका अगला शिकार पवन रत्नायके बने जो खराब शॉट खेलने के चक्कर में विकेट गंवा बैठे । श्रीलंका का स्कोर 11वें ओवर में तीन विकेट पर 68 रन था ।

डॉकरेल ने 17 रन देकर दो विकेट चटकाये । जेरेथ डेलानी ने दुनिथ वेलालागे को पवेलियन भेजकर श्रीलंका की मुश्किलें बढा दी । इसके बाद हालांकि कामिंदु और कुसल ने पारी को संभाला ।

भाषा

मोना

मोना


लेखक के बारे में