सुप्रिया की हैट्रिक से भारतीय जूनियर महिला टीम एशिया कप हॉकी फाइनल में
सुप्रिया की हैट्रिक से भारतीय जूनियर महिला टीम एशिया कप हॉकी फाइनल में
मोकी (चीन), 12 सितंबर (भाषा) ड्रैग फ्लिकर सुप्रिया के तीन गोल की मदद से गत चैम्पियन भारत ने दक्षिण कोरिया को शनिवार को 5 . 1 से हराकर एएचएफ जूनियर महिला एशिया कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया ।
सुप्रिया ने तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर पर किये । भारत का सामना अब चीन और जापान के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा ।
दोनों टीमों ने संभलकर शुरूआत की लेकिन भारत ने 13वें मिनट में खाता खोला जब मधु सिदर ने शानदार फील्ड गोल पर टीम को 1 . 0 से बढत दिलाई । दूसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने कोरियाई गोल पर लगातार हमले बोले ।
भारत को 17वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर सुप्रिया ने गोल करके बढत दुगुनी कर दी । भारत ने गेंद पर नियंत्रण के मामले में दबदबा बनाये रखा और 21वें मिनट में कोरियाई गोल के 23 मीटर के भीतर हवा में आयी गेंद को भारतीय विंगर ने लपका और सर्कल के भीतर शानदार क्रॉस दिया । इसे सुखवीर ने गोल में बदलकर स्कोर 3 . 0 कर दिया ।
भारत को 33वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को सुप्रिया ने गोल में बदला । दक्षिण कोरिया के लिये यूरी जियोंग ने 41वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके स्कोर 4 . 1 किया । भारत ने आखिरी क्वार्टर में बेहतरीन डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए कोरियाई हमलों को नाकाम कर दिया ।
भारत के लिये पांचवां गोल 56वें मिनट में सुप्रिया ने पेनल्टी कॉर्नर पर किया ।
भाषा मोना
मोना

Facebook


