रोहित की उपलब्धता पर अनिश्चितता के बीच सूर्यकुमार ने किया जमकर अभ्यास
रोहित की उपलब्धता पर अनिश्चितता के बीच सूर्यकुमार ने किया जमकर अभ्यास
मुंबई, 28 अप्रैल (भाषा) सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल मुकाबले की पूर्व संध्या पर मुंबई इंडियंस के दिग्गज बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने लय की तलाश में मंगलवार को नेट सत्र में जमकर पसीना बहाया।
सूर्यकुमार यादव पहले खराब दौर से गुजर चुके हैं। पिछले साल खराब फॉर्म में रहने के बाद उन्होंने इस साल जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला में तीन अर्धशतक के साथ वापसी की थी और फिर टी20 विश्व कप में भारत की अमेरिका के खिलाफ शुरुआती जीत में भी अहम पारी खेली थी।
भारतीय टी20 टीम के इस कप्तान ने तब लय हासिल करने के लिए सोशल मीडिया से दूरी और लगभग तीन सप्ताह का ब्रेक लिया था। आईपीएल के व्यस्त सत्र के बीच हालांकि ऐसा ब्रेक लेना संभव नहीं है, इसलिए उनके लिए नेट सत्र ही वापसी का रास्ता बनते दिख रहे हैं।
मुंबई टीम के जामनगर से दो दिन के दौरे के बाद लौटने पर खिलाड़ियों ने तुरंत अभ्यास किया, जिसमें सूर्यकुमार के साथ पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी शामिल थे, हालांकि उनकी उपलब्धता पर अभी भी सवाल कायम है।
सूर्यकुमार ने मंगलवार को निर्धारित समय शाम छह बजे से काफी पहले ही नेट में बल्लेबाजी का अभ्यास शुरू कर दिया था। उन्होंने लगभग डेढ़ घंटे तक अभ्यास किया।
अभ्यास खत्म करने के बाद उन्होंने भारतीय टीम के साथी अभिषेक शर्मा से लंबी बातचीत की। बाद में उनके साथ ईशान किशन भी जुड़ गए।
इसी दौरान मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने और सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज ट्रैविस हेड भी पास ही बातचीत करते नजर आए।
रोहित शर्मा 12 अप्रैल से हैमस्ट्रिंग (मांसपेशियों में खिंचाव) चोट के कारण मैदान से बाहर हैं, हालांकि उन्होंने नेट सत्र में कई बार बल्लेबाजी की है। टीम प्रबंधन के अनुसार, उनके खेलने पर फैसला मैच से पहले टॉस के समय लिया जाएगा।
मुंबई इंडियंस के प्रवक्ता ने कहा, “रोहित लगातार सुधार कर रहे हैं, लेकिन उनके खेलने पर अंतिम फैसला टॉस पर लिया जाएगा।”
टीम के पूर्व कप्तान वानखेड़े स्टेडियम में टीम ट्रेनिंग के दौरान मौजूद रहे, जहां उन्होंने हल्की दौड़ और वार्म-अप किया, लेकिन बल्लेबाजी अभ्यास नहीं किया।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


