(कुशान सरकार)
नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) जापान क्रिकेट संघ (जेसीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नाओकी एलेक्स मियाजी ने बुधवार को कहा कि एशियाई खेलों में भाग लेने वाली टीमों को होटल में ठहरने की सुविधा की पेशकश की गई है लेकिन वे चाहें तो अपने स्तर पर भी ठहरने की व्यवस्था कर सकती हैं। कई प्रमुख क्रिकेट देशों ने महाद्वीपीय खेलों के दौरान उपलब्ध कराए जा रहे आवास को लेकर चिंता जताई थी।
हाल ही में एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) की बैठक में प्रमुख क्रिकेट देशों ने आवास समेत विभिन्न ‘लॉजिस्टिक’ मुद्दों पर अपनी आशंकाएं व्यक्त की थीं। बताया गया था कि खिलाड़ियों के लिए ठहरने की व्यवस्था आइची प्रांत के निसिन शहर स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क से करीब 20 किलोमीटर दूर की गई है।
मियाजी ने पीटीआई को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘एशियाई खेलों का आयोजन एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) के तत्वावधान में आइची-नागोया खेल आयोजन समिति (एआईएनएजीओसी) द्वारा एसीसी के सहयोग से किया जा रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जेसीए ने कुछ क्षेत्रों में सहयोग दिया है लेकिन वह सीधे तौर पर आयोजन में शामिल नहीं है इसलिए मैं आपके सभी सवालों का सीधे जवाब देने की स्थिति में नहीं हूं। मैं इतना जरूर कह सकता हूं कि एशियाई खेलों में क्रिकेट की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी पक्ष कड़ी मेहनत कर रहे हैं।’’
मियाजी ने कहा, ‘‘एसीसी लंबे समय से एआईएनएजीओसी के साथ आवास के विकल्पों पर चर्चा कर रही है। क्रिकेट में भाग लेने वाली टीमों को होटल में ठहरने की सुविधा की पेशकश की जा रही है।’’
एशियाई खेल 17 सितंबर से शुरू होंगे। मियाजी ने आवास को लेकर उठ रही चिंताओं के संदर्भ में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि कई अन्य खेलों के खिलाड़ियों के लिए इससे भी सीमित सुविधाओं में व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘कई अन्य खेलों के खिलाड़ियों को क्रूज जहाज या कंटेनर होटलों जैसी कहीं अधिक सीमित सुविधाओं में ठहराया जा रहा है। यदि टीमें चाहें तो वे अपने स्तर पर आवास की व्यवस्था करने के लिए स्वतंत्र हैं।’’
उन्होंने उन खबरों को भी खारिज किया कि खिलाड़ियों के लिए शौचालय खेल मैदान से कम से कम आधा किलोमीटर दूर होंगे।
मियाजी ने कहा, ‘‘कृपया ध्यान दें कि खिलाड़ियों के क्षेत्र के भीतर ही शौचालय उपलब्ध होंगे। आयोजन स्थल पर अस्थायी और स्थायी दोनों तरह की सुविधाएं हैं। मैदान पर मौजूद सुविधाएं अस्थायी हैं लेकिन एआईएनएजीओसी ने एक साल से अधिक समय तक एसीसी के साथ मिलकर काम किया है जिससे कि सीमित समय और सुविधाओं के बावजूद खिलाड़ियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।’’
उन्होंने खेलों के लिए बनाए गए अस्थायी ड्रेसिंग रूम की जानकारी भी दी।
मियाजी ने कहा, ‘‘अस्थायी होने के बावजूद ये सुविधाएं खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए यथासंभव आरामदायक स्थान उपलब्ध कराएंगी। मैदान के आसपास स्थायी सुविधाएं भी हैं जिनका खिलाड़ी इस्तेमाल कर सकेंगे।’’
मियाजी ने बताया कि कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क को 17 महीने में क्रिकेट के लिए तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘तैयारी के लिए उनके पास केवल 17 महीने थे और उन्हें शुरुआत से काम करना पड़ा क्योंकि आइची प्रांत में किसी भी स्तर का कोई क्रिकेट मैदान मौजूद नहीं था। सीमित समय और संसाधनों को देखते हुए एआईएनएजीओसी और एसीसी ने मिलकर यह सुनिश्चित किया कि खेलने की सुविधाएं उपयुक्त हों।’’
मियाजी ने बताया कि श्रीलंका क्रिकेट ने टर्फ तैयार करने और हाइब्रिड पिच लगाने के लिए अपने क्यूरेटर उपलब्ध कराए।
उन्होंने साथ ही कहा कि जापान में क्रिकेट अभी प्रमुख खेलों में शामिल नहीं है और उपलब्ध संसाधनों को देखते हुए बहुत कुछ करना संभव नहीं है।
मियाजी ने कहा, ‘‘इन सीमित परिस्थितियों में वे जो कर सकते हैं उसकी अपनी सीमाएं हैं लेकिन मैंने जो देखा है उसके आधार पर खेल की सतह और मैदान एशियाई खेलों में क्रिकेट को शामिल किए जाने के बाद अब तक के सर्वश्रेष्ठ होंगे।’’
उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों में क्रिकेट के आयोजन में जेसीए की मुख्य भूमिका स्थानीय समुदाय को इस खेल से जोड़ने की रही है।
मियाजी ने अंत में विश्वास जताया कि जापान में होने वाले एशियाई खेलों में क्रिकेट सफल आयोजन साबित होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘क्रिकेट एशियाई खेलों के सबसे बड़े खेलों में से एक होगा। यह पहली बार भी होगा जब एशिया की शीर्ष क्रिकेट टीमें जापान में खेलेंगी।’’
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द