थॉमस कप सेमीफाइनल : क्रिस्टो ने आयुष को हराया, फ्रांस ने भारत पर 1-0 से बढ़त बनाई
थॉमस कप सेमीफाइनल : क्रिस्टो ने आयुष को हराया, फ्रांस ने भारत पर 1-0 से बढ़त बनाई
होर्सेंस (डेनमार्क), दो मई (भाषा) आयुष शेट्टी को शनिवार को शुरूआती एकल में दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी क्रिस्टो पोपोव से सीधे गेम मेंकरारी हार का सामना करना पड़ा जिससे भारत थॉमस कप फ़ाइनल के सेमीफाइनल में फ्रांस से 0-1 से पिछड़ रहा है।
20 साल के आयुष को शुरुआती सिंगल्स में तब उतारा गया क्योंकि लक्ष्य सेन की दाहिनी कोहनी में सूजन थी। पर आयुष फ्रांस के पोपोव की रणनीति का मुकाबला करने में नाकाम रहे और 39 मिनट में 11-21, 9-21 से हार गए।
यह पोपोव के हाथों आयुष की दूसरी हार थी। इससे पहले 2024 में हायलो ओपन में हुई उनकी एकमात्र भिड़ंत में भी आयुष को हार का सामना करना पड़ा था।
पोपोव ने शुरू से ही मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने कोर्ट के चारों ओर आयुष को दौड़ाने के लिए तेज रिटर्न का इस्तेमाल किया और नेट पर शुरुआती नियंत्रण हासिल कर लिया।
भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआत में तो धैर्य दिखाया, लेकिन लगातार की गई कुछ गलतियों के कारण फ्रांसीसी खिलाड़ी 8-3 की बढ़त बनाने में कामयाब रहा।
आयुष ने बीच-बीच में कुछ अच्छे शॉट लगाए लेकिन वह दबाव बरकरार नहीं रख सके। पोपोव ने ब्रेक तक 11-6 की बढ़त बनाई और फिर इसे 15-6 तक पहुंचा दिया।
हालांकि पोपोव की कुछ गलतियों ने थोड़ी देर के लिए आयुष को मैच में बनाए रखा, लेकिन भारतीय खिलाड़ी इसका फ़ायदा नहीं उठा सका। फ्रांसीसी खिलाड़ी ने कुछ गेम प्वाइंट गंवाने के बाद भी पहला गेम आसानी से अपने नाम कर लिया।
दूसरा गेम भी लगभग यही सिलसिला रहा। पोपोव ने शुरू में ही अपनी पकड़ मज़बूत कर ली और फ्रंट कोर्ट (नेट के पास) के खेल पर पूरी तरह से हावी रहे। आयुष थोड़े हिचकिचाते हुए दिखे और अपने विरोधी के खेल को समझने में उन्हें काफी मुश्किल हुई जबकि पोपोव बार-बार उनके बैकहैंड वाले कोने को निशाना बनाकर उन पर दबाव बनाते रहे।
फ्रांसीसी खिलाड़ी ब्रेक तक 11-2 की बढ़त बनाने में कामयाब रहा और उसने फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने रैलियों पर नियंत्रण बनाए रखा। आयुष के इक्का-दुक्का विनर तब आए जब काफी देर हो चुकी थी। पोपोव 19-8 की बढ़त पर पहुंच गए, जिसके बाद उन्होंने लगातार कई मैच प्वाइंट हासिल किए और आसानी से यह मुक़ाबला जीत लिया।
अब सभी की नजरें दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत पर होंगी जो अभी 30वें स्थान पर हैं। दूसरे एकल मैच में उनका मुक़ाबला दुनिया के 10वें नंबर के खिलाड़ी एलेक्स लानियर से होगा।
इसके बाद एच एस प्रणय दुनिया के 17वें नंबर के खिलाड़ी टोमा जूनियर पोपोव से भिड़ेंगे।
अगर जरूरत पड़ी तो हरिहरन अमसकरुनन और एम आर अर्जुन की युगल जोड़ी का मुकाबला एलोई एडम और लियो रॉसी से होगा जबकि दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का मुकाबला आखिरी मैच में पोपोव भाइयों से होगा।
सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद भारत का एक पदक पक्का हो गया था। देश ने 2022 में यह खिताब जीता था। इसके अलावा 1952, 1955 और 1979 में कांस्य पदक भी जीते थे।
भाषा नमिता
नमिता

Facebook


