अमेरिकी राजदूत गोर टी20 विश्व कप में भारत और अमेरिका के मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद
अमेरिकी राजदूत गोर टी20 विश्व कप में भारत और अमेरिका के मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद
मुंबई, सात फरवरी (भाषा) भारत के अमेरिका के राजदूत और दक्षिण एवं मध्य एशिया के विशेष दूत सर्जियो गोर शनिवार को यहां वानखेड़े स्टेडियम में भारत और अमेरिका के बीच टी20 विश्व कप मुकाबले के दौरान मौजूद रहे।
गोर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) अध्यक्ष जय शाह के साथ मुकाबले से पहले आयोजित शानदार उद्घाटन समारोह और आतिशबाजी का लुत्फ उठाया। इस मौके पर भारत के पूर्व कप्तान और इस टी20 विश्व कप के इस सत्र के ब्रांड दूत रोहित शर्मा भी मौजूद थे।
गोर ने इससे पहले ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘टी20 विश्व कप मैच के लिए मुंबई पहुंचा हूं। अमेरिका की टीम के लिए बड़ा दिन। अमेरिका की टीम को शुभकामनाएं।’’
राष्ट्रगान के दौरान गोर ने जय शाह के बगल में खड़े होकर सम्मान प्रकट किया और इसके बाद तुरंत अमेरिका के खिलाड़ियों से मुलाकात की।
यह भारत और अमेरिका के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय में सिर्फ दूसरा मुकाबला है। भारत ने दोनों टीमों के बीच 2024 टी20 विश्व कप में खेले गये पहले मैच में सात विकेट से जीत दर्ज की थी।
भारत और अमेरिका ग्रुप ए में हैं, जिसमें नामीबिया, नीदरलैंड और पाकिस्तान भी शामिल हैं।
भाषा आनन्द आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


