महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में वैशाली दबाव में

महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में वैशाली दबाव में

महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में वैशाली दबाव में
Modified Date: April 13, 2026 / 03:27 pm IST
Published Date: April 13, 2026 3:27 pm IST

पाफोस (साइप्रस), 13 अप्रैल (भाषा) शीर्ष पर अपनी बढ़त मजबूत करने का मौका गंवाने के बाद भारतीय ग्रैंडमास्टर आर वैशाली यहां कैंडिडेट्स शतरंज टूर्नामेंट में जब चीन की पूर्व महिला विश्व चैंपियन झोंगयी टेन से भिड़ेंगी तो दबाव में होंगी।

एक अंक की बढ़त बनाने वाली वैशाली को 12वें दौर में चीन की जिनर झू के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा जिससे दोनों खिलाड़ी अब अंक तालिका में संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।

चीन की गत विश्व चैंपियन वेनजुन जू को चुनौती देने वाली चैलेंजर का निर्धारण करने के लिए आयोजित इस टूर्नामेंट में आराम के अंतिम दिन के बाद वैशाली की नजरें वापसी पर टिकी होंगी।

झोंगयी के अलावा वैशाली को रूस की कैटरीना लेगनो की कड़ी चुनौती का भी सामना करना होगा। कैटरीना शीर्ष पर रहने की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं लेकिन उनकी चुनौती से पार पाना आसान नहीं होगा।

कजाखस्तान की बिबिसारा असाउबायेवा भी लेगनो के खिलाफ कड़े मुकाबले में जीत के बाद खिताब की दावेदार बनीं हुई हैं जबकि यूक्रेन की अन्ना मुजिचुक भी दौड़ में हैं।

ये दोनों शीर्ष पर चल रही खिलाड़ियों से सिर्फ आधा अंक पीछे हैं।

वैशाली और जिनर सात अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं जबकि असाउबायेवा और मुजिचुक 6.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। रूस की एलेक्सांद्रा गोरयाचकिना और लेगनो के 5.5 अंक हैं जबकि भारत की दिव्या देशमुख और टेन ने पांच अंक जुटाए हैं।

शीर्ष चार खिलाड़ियों में से कोई भी खिताब जीत सकता है और ऐसे में अंतिम दो दौर के मुकाबले काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।

ओपन वर्ग में उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव नौ अंक के साथ शीर्ष पर चल रहे हैं और इस साल भारत के डी गुकेश के खिलाफ विश्व चैंपियनशिप मुकाबले में जगह बनाने से सिर्फ एक ड्रॉ दूर हैं।

नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर अनीष गिरी के सात अंक हैं और वह सिंदारोव को संभावित चुनौती पेश करने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। यही दोनों खिलाड़ी अगले दौर में आमने-सामने होंगे।

अगर अनीष इस मुकाबले में जीत दर्ज करते हैं तो उनकी दावेदारी बरकरार रहेगी जबकि सिंदारोव की जीत या मुकाबला बराबरी पर छूटने पर उज्बेकिस्तान का खिलाड़ी चैंपियन बनेगा।

फाबियानो करुआना छह अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं जबकि उनके बाद अमेरिका के उनके हमवतन हिकारू नाकामूरा, वेई यी और जर्मनी के मथियास ब्लुबॉम का नंबर आता है। भारत के आर प्रज्ञानानंदा के सिर्फ पांच अंक हैं और रूस के आंद्रे इसिपेंको उनसे आधा अंक पीछे हैं।

भाषा सुधीर मोना

मोना


लेखक के बारे में