वसीम और शराफू के अर्धशतकों ने यूएई ने न्यूजीलैंड को दिया 174 रन का लक्ष्य

वसीम और शराफू के अर्धशतकों ने यूएई ने न्यूजीलैंड को दिया 174 रन का लक्ष्य

वसीम और शराफू के अर्धशतकों ने यूएई ने न्यूजीलैंड को दिया 174 रन का लक्ष्य
Modified Date: February 10, 2026 / 04:54 pm IST
Published Date: February 10, 2026 4:54 pm IST

चेन्नई, 10 फरवरी (भाषा) कप्तान मोहम्मद वसीम (नाबाद 66) और अलीशाह शराफू (55) की अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 107 रन की साझेदारी से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने आईसीसी टी20 विश्व कप ग्रुप डी मैच में मंगलवार को यहां छह विकेट पर 173 रन बनाये।

सलामी बल्लेबाज वसीम में 45 गेंद की नाबाद पारी में चार चौके और तीन छक्के जड़े जबकि शराफू ने 47 गेंद में पांच चौके और दो छक्के लगाये। मयंक कुमार ने आखिरी ओवरों में 13 गेंद में दो चौके और एक छक्का की मदद से 21 रन बनाये।

न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने आखिर ओवर में दो विकेट लिए जबकि जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल सैंटनर और ग्लेन फिलिप्स को एक-एक सफलता मिली।

पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद आर्यांश शर्मा (आठ) ने दो चौके जड़ आक्रामक तेवर दिखाये लेकिन दूसरे ओवर में डफी की शॉट गेंद को संभाल नहीं सके और  फिलिप्स को देकर पवेलियन लौटे।

क्रीज पर आये शराफू ने मैट हेनरी के खिलाफ दो चौके जड़े जबकि वसीम ने डफी की गेंद पर मैच का पहला छक्का लगाया। टीम ने पावरप्ले में एक विकेट पर 50 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की।

वसीम ने रचिन रविंद्र जबकि शराफू ने मिचेल सैंटनर और जेम्स नीशम के खिलाफ चौके जड़कर रन गति को बनाये रखा।

न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने इसके बाद शिकंजा कसना शुरू किया लेकिन फर्ग्यूसन के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौका और छक्का लगाकर शराफू ने दबाव कम कर दिया।

उन्होंने हेनरी के खिलाफ अपनी पारी के दूसरे छक्के से 39 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

उन्होंने 15वें ओवर में सैंटनर की ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर डीप मिडविकेट की दिशा में बड़ा शॉट खेला लेकिन मार्क चैपमैन के शानदार प्रयास से उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। चैपमैन ने बाउंड्री के पास गेंद लपककर उसे डेरिल मिचेल की तरफ फेंका जिन्होंने रिले कैच को पूरा किया।  

अगले ओवर में गेंदबाजी के लिए ग्लेन फिलिप्स ने हर्षित कौशिक (दो) को चलता कर यूएई को तीसरा झटका दिया।

वसीम ने फर्ग्यूसन के खिलाफ एक रन चुराकर 37 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।

मयंक और वसीम ने फिलिप्स के खिलाफ दो चौके और दो छक्के जड़े जिससे यूएई ने 18वें ओवर से 27 रन बटोर कर टीम के स्कोर को 150 के पार पहुंचा दिया।

फर्ग्यूसन ने 19वें ओवर में चौका खाने के बाद मयंक की 13 गेंद में 21 रन की पारी को खत्म किया।

शोएब खान (सात) ने अंतिम ओवर में हेनरी के खिलाफ छक्का लगाया लेकिन इस तेज गेंदबाज ने अंतिम दो गेंदों पर दो विकेट लेकर टीम को और नुकसान नहीं होने दिया।  

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में