हमें विश्वास नहीं हो रहा, हम परिस्थितियों के अनुकूल ढलने में नाकाम रहे: डोएशे
हमें विश्वास नहीं हो रहा, हम परिस्थितियों के अनुकूल ढलने में नाकाम रहे: डोएशे
बेलफास्ट, 29 जून (भाषा) भारत के सहायक कोच रयान टेन डोएशे ने स्वीकार किया कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि टी20 में विश्व चैंपियन टीम आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैच में हार गई और कहा कि उनके खिलाड़ी परिस्थितियों के अनुकूल ढलने में नाकाम रहे।
आयरलैंड ने पहला मैच 34 रन से जीता और इसके बाद श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम को दूसरे मैच में एक रन से हराकर इतिहास रच दिया।
डोएशे ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘बहुत से लोगों के साथ हमें भी विश्वास नहीं हो रहा है। हमने अभी-अभी विश्व कप जीता है लेकिन हमें ऐसी टीम ने हराया जिसने ‘बेसिक्स’ (बुनियादी बातों) पर पूरा ध्यान दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सबसे पहले आयरलैंड को श्रेय जाता है और दूसरी बात, हमारे लिए सबसे बड़ी सीख यह है कि हम अलग-अलग परिस्थितियों और अलग-अलग टीमों के खिलाफ खुद को ढाल सकें। इस श्रृंखला का हमारे लिए यही सबसे बड़ा सबक है।’’
डोएशे ने कहा, ‘‘मुझे लगता है की परिस्थितियों ने अहम भूमिका निभाई। यह हमारी हार का मुख्य कारण रहा। हमने इसका अच्छी तरह से समाधान नहीं किया। सबसे बड़ी समस्या हवा थी, लेकिन हार के लिए कोई बहाना नहीं चलेगा। हमें अलग-अलग चुनौतियों का अच्छी तरह से सामना करने का तरीका ढूंढना होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आयरलैंड ने बेसिक्स पर अच्छी तरह से काम किया और हम इस मामले में उनका मुकाबला नहीं कर पाए। हमें आक्रामक बल्लेबाजी करना पसंद है लेकिन इस तरह की परिस्थितियों में हमें अधिक समझदारी से काम लेना होगा।’’
भाषा
पंत
पंत

Facebook


