अंडर-23 और सीनियर विश्व चैंपियनशिप के लिए डब्ल्यूएफआई भेजेगा अलग-अलग टीमें

अंडर-23 और सीनियर विश्व चैंपियनशिप के लिए डब्ल्यूएफआई भेजेगा अलग-अलग टीमें

अंडर-23 और सीनियर विश्व चैंपियनशिप के लिए डब्ल्यूएफआई भेजेगा अलग-अलग टीमें
Modified Date: August 28, 2026 / 07:07 pm IST
Published Date: August 28, 2026 7:07 pm IST

नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने अंडर-23 सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप और सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के बीच बेहद कम अंतराल को देखते हुए दोनों प्रतियोगिताओं के लिए अलग-अलग भारतीय टीमें भेजने का फैसला किया है।

अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप अमेरिका में 12 से 18 अक्टूबर तक आयोजित होगी, जबकि सीनियर विश्व चैंपियनशिप कजाखस्तान में 24 अक्टूबर से एक नवंबर तक खेली जाएगी। दोनों प्रतियोगिताओं के बीच महज कुछ दिनों का अंतर होने के कारण महासंघ ने यह निर्णय लिया है।

डब्ल्यूएफआई ने अपने परिपत्र में कहा कि यह फैसला पहलवानों को पर्याप्त तैयारी का समय देने और दोनों स्तरों पर उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है।

महासंघ के अनुसार, दोनों चैंपियनशिप के बीच समय काफी कम है और ऐसे में पहलवानों की तैयारी तथा प्रदर्शन को ध्यान में रखना जरूरी है।

इसके तहत 31 अगस्त और एक सितंबर को होने वाले चयन ट्रायल के जरिए चुने गए पहलवान अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। ये पहलवान सीनियर विश्व चैंपियनशिप के चयन ट्रायल में हिस्सा लेने के पात्र नहीं होंगे।

डब्ल्यूएफआई ने परिपत्र में कहा, “अंडर-23 सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप और सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के बीच अंतराल बहुत कम है।”

महासंघ ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय ‘पहलवानों के हित में’ लिया गया है, ताकि दोनों विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीमों को उचित तैयारी का अवसर मिल सके और वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष संजय कुमार सिंह की ओर से जारी यह परिपत्र भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के अधिकारियों, कुश्ती महासंघ की संबद्ध इकाइयों और महासंघ के मुख्य प्रशिक्षकों को भेजा गया है।

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में