किस क्रिकेटर को मिले टीम में मौका, एआई देगा एमपीसीए के चयनकर्ताओं को सुझाव

किस क्रिकेटर को मिले टीम में मौका, एआई देगा एमपीसीए के चयनकर्ताओं को सुझाव

किस क्रिकेटर को मिले टीम में मौका, एआई देगा एमपीसीए के चयनकर्ताओं को सुझाव
Modified Date: June 26, 2026 / 07:32 pm IST
Published Date: June 26, 2026 7:32 pm IST

इंदौर, 26 जून (भाषा) मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) वित्तीय प्रबंधन से लेकर खिलाड़ियों के चयन जैसी प्रक्रियाओं में कृत्रिम मेधा (एआई) की मदद से क्रिकेट प्रशासन का अपनी तरह का पहला मॉडल लागू करने की तैयारी कर रहा है। एमपीसीए के एक शीर्ष पदाधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस मॉडल के तहत एआई, खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर चयनकर्ताओं को सुझाव देगा जिससे चयन संबंधी फैसलों की पारदर्शिता बढ़ेगी।

एमपीसीए के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा कि इस मॉडल का उद्देश्य क्रिकेट संगठन की निर्णय प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और डेटा आधारित बनाना है।

सिंधिया ने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया में किसी भी तरह की संभावित पक्षपातपूर्ण स्थिति समाप्त हो। एआई खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर टीम में उनके चयन की सिफारिश करेगा, जबकि अंतिम निर्णय चयनकर्ता लेंगे।’

एमपीसीए अध्यक्ष के अनुसार एआई से लैस प्रणाली खिलाड़ियों के रन, विकेट और अन्य प्रदर्शन संबंधी आंकड़ों का विश्लेषण करके चयनकर्ताओं को सुझाव देगी।

उन्होंने कहा कि यदि किसी खिलाड़ी का चयन या गैर-चयन आंकड़ों से अलग आधार पर किया जाता है, तो चयनकर्ताओं को इसके कारण दर्ज करने होंगे जिससे पूरी प्रक्रिया की जवाबदेही बढ़ेगी।

एमपीसीए अध्यक्ष ने कहा कि एआई का उपयोग खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया भर तक सीमित नहीं रहेगा।

सिंधिया ने बताया कि जिला और संभागीय क्रिकेट इकाइयों को दिए जाने वाले अनुदानों की आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेजों की जांच, खर्च की निगरानी और वित्तीय प्रबंधन भी इसी तकनीक के माध्यम से किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में एआई प्रणाली को टी20 क्रिकेट की मध्यप्रदेश लीग (एमपीएल) में परखा गया है और इसे सितंबर से शुरू होने वाले अगले क्रिकेट सत्र

से पहले जिला और संभागीय इकाइयों के लिए उपलब्ध कराने की योजना है।

सिंधिया ने दावा किया कि खेल प्रशासन में इस स्तर पर एआई आधारित व्यवस्था अपनाने वाला एमपीसीए दुनिया का पहला क्रिकेट संगठन हो सकता है।

इस परियोजना के लिए एमपीसीए ने एआई स्टार्ट-अप ‘इमर्जेंट’ से हाथ मिलाया है। ‘इमर्जेंट’ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मुकुंद ने कहा कि पिछले छह महीनों से उनका स्टार्ट-अप एमपीसीए के प्रशासन की विभिन्न प्रक्रियाओं को एकीकृत डिजिटल मंच पर लाने के लिए काम कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी साझेदारी का उद्देश्य खेल प्रशासन की पूरी प्रक्रिया को ‘डिजिटाइज’ करना है। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी। हम इस एआई प्रणाली को वैश्विक स्तर पर ले जाना चाहते हैं।’

भाषा हर्ष

जितेंद्र आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में