‘इंडियन एथलेटिक्स सीरीज’ फाइनल में विजेताओं को मिलेगा नकद इनाम, नीरज भी दिखा सकते हैं दम

Ads

‘इंडियन एथलेटिक्स सीरीज’ फाइनल में विजेताओं को मिलेगा नकद इनाम, नीरज भी दिखा सकते हैं दम

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 09:03 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 09:03 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) ‘इंडियन एथलेटिक्स सीरीज’ के फाइनल में 31 स्पर्धाओं के विजेताओं को एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी और इस 10 सितंबर को यहां आयोजित होने वाली इस एकदिवसीय आमंत्रण प्रतियोगिता में स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के भी हिस्सा लेने की संभावना है।

सभी 31 स्पर्धाओं में दूसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को 50 हजार रुपये मिलेंगे। वहीं तीसरे, चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 25 हजार, 20 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले ‘इंडियन एथलेटिक्स सीरीज’ के ग्रैंड फाइनल में ट्रैक एवं फील्ड की प्रत्येक स्पर्धा में मौजूदा सत्र के प्रदर्शन के आधार पर तैयार रैंकिंग के शीर्ष आठ एथलीटों को भाग लेने का अवसर मिलेगा।

एएफआई अध्यक्ष बहादुर सिंह सग्गू ने यहां जारी बयान में कहा, ‘‘इंडियन एथलेटिक्स सीरीज के अंतिम चरण में कुल 31 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें 16 महिला वर्ग की होंगी। ट्रैक एवं फील्ड की प्रत्येक स्पर्धा में रैंकिंग के आधार पर शीर्ष आठ एथलीट ग्रैंड फाइनल के लिए पात्र होंगे।’’

पुरुष और महिला वर्ग की 1500 मीटर तथा 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धाओं में शीर्ष 12 रैंकिंग वाले एथलीटों को भागीदारी का अवसर मिलेगा।

एएफआई ने मौजूदा सत्र में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर प्रत्येक स्पर्धा की रैंकिंग तैयार की है। महासंघ ने पात्र खिलाड़ियों को आमंत्रण भेज दिया है और प्रविष्टि की पुष्टि करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित की गई है।

सग्गू ने कहा, ‘‘ शीर्ष आठ में शामिल कोई खिलाड़ी अगर अपनी भागीदारी की पुष्टि नहीं करता है, तो चार आरक्षित खिलाड़ियों में से अगली सर्वोच्च रैंकिंग वाले एथलीट को फाइनल में खेलने का अवसर दिया जाएगा।’’

दो बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा पुरुष भाला फेंक स्पर्धा की रैंकिंग में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने इस सत्र में अब तक केवल दोहा डायमंड लीग में 85.69 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उनसे आगे रोहित यादव हैं, जिन्होंने पिछले महीने राष्ट्रीय अंतर-राज्य एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 87.05 मीटर भाला फेंककर शीर्ष स्थान हासिल किया था।

एथलीटों की यह रैंकिंग 24 से 28 जून के बीच ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय अंतर-राज्य सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप तक के प्रदर्शन के आधार पर तैयार की गई है।

‘इंडियन एथलेटिक्स सीरीज’ का फाइनल 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले एशियाई खेलों से पहले खिलाड़ियों के लिए अंतिम बड़े परीक्षण और तैयारियों का अहम मंच साबित होगा।

‘इंडियन एथलेटिक्स सीरीज’ फाइनल में शामिल स्पर्धाएं

पुरुष वर्ग:

100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, 3000 मीटर स्टीपलचेज, 110 मीटर बाधा दौड़, 400 मीटर बाधा दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, त्रिकूद, पोल वॉल्ट, गोला फेंक, तारगोला फेंक और भाला फेंक।

महिला वर्ग:

100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, 3000 मीटर स्टीपलचेज, 100 मीटर बाधा दौड़, 400 मीटर बाधा दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, त्रिकूद, पोल वॉल्ट, गोला फेंक, तारगोला फेंक, चक्का थ्रो और भाला फेंक।

भाषा

आनन्द आनन्द

आनन्द

ताजा खबर