मुंबई, 24 जून (भाषा) भारतीय तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) को देते हुए कहा कि इससे उन्हें दबाव से निपटना और परिस्थितियों का अच्छी तरह से आकलन करने की सीख मिली।
दिल्ली कैपिटल्स की यह गेंदबाज पिछले डब्ल्यूपीएल में 10 पारियों में 17 विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज थी। इसी प्रदर्शन की बदौलत उन्हें महिला टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में जगह मिली।
नंदिनी ने जियोहॉटस्टार से कहा, ‘‘डब्ल्यूपीएल ने मुझे एक क्रिकेटर के रूप में बहुत बदल दिया है। मैंने बहुत कुछ सीखा है। बड़े खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने से मैंने उनकी तैयारी, दबाव से निपटने और विभिन्न परिस्थितियों का सही आकलन करना सीखा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब मैं क्रिकेट को अलग नजरिए से देखती हूं। पहले मुझे लगता था कि सिर्फ गेंदबाजी करने से ही विकेट मिल जाएंगे। लेकिन अब मुझे समझ आ गया है कि रणनीति बनाना, बल्लेबाज को समझना, परिस्थितियों के अनुसार ढलना और टीम के साथियों के साथ संवाद करना भी महत्वपूर्ण होता है।’’
नंदिनी ने कहा कि इरफान पठान ने उन्हें बचपन में गेंद को स्विंग कराने के लिए प्रेरित किया, वहीं भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह ऐसे गेंदबाज हैं जिन्हें वह अब अपना आदर्श मानती हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इरफान पठान सर को गेंदबाजी करते हुए देखकर बड़ी हुई हूं। जिस तरह से वह गेंद को स्विंग कराते थे और विकेट लेते थे, उससे मुझे भी वैसा ही करने की प्रेरणा मिली। अभी मैं भुवनेश्वर और बुमराह को अपना आदर्श मानती हूं। मैं उनसे सीखने की कोशिश करती हूं।’’
भाषा
पंत
पंत