फतेहपुर (उप्र), एक नवंबर (भाषा) फतेहपुर जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और स्थानीय पुलिस ने रविवार को एक ट्रक से 290 किलोग्राम सूखा गांजा बरामद किया है। इस मामले में ट्रक जब्त कर उसके चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एसटीएफ के नेतृत्व में खागा कोतवाली की पुलिस ने रविवार को आंध्र प्रदेश से हरियाणा जा रहे एक ट्रक को खागा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर पूर्वी बाईपास के निकट रोक कर तलाशी ली। इस दौरान ट्रक के केबिन और चालक की सीट के नीचे छुपाकर रखा गया 290 किलोग्राम सूखा गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 29 लाख रुपये आंकी गयी है।
उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में ट्रक को जब्त कर उसके चालक सचिन शर्मा और कथित गांजा तस्कर अरुण कुमार के भांजे हनी उर्फ जतिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति हरियाणा के रोहतक जिले के निवासी हैं।
भाषा सं. सलीम नेत्रपाल शफीक