अंबानी की सुरक्षा में चूक का मामला: एनआईए ने मुंबई से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया

अंबानी की सुरक्षा में चूक का मामला: एनआईए ने मुंबई से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया

अंबानी की सुरक्षा में चूक का मामला: एनआईए ने मुंबई से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया
Modified Date: November 29, 2022 / 08:17 pm IST
Published Date: June 15, 2021 2:09 pm IST

मुंबई, 15 जून (भाषा) दक्षिण मुंबई में फरवरी में उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर एक एसयूवी में विस्फोटक सामग्री मिलने और इसके बाद कारोबारी मनसुख हिरन की हुई हत्या के मामले की जांच कर रही एनआईए ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को इस बारे में बताया।

मुंबई की एक विशेष अदालत ने दो आरोपियों, संतोष शेलार और आनंद जाधव को 21 जून तक के लिए राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की हिरासत में भेज दिया।

अधिकारी ने बताया, ‘‘ शेलार और जाधव को 11 जून को मलाड उपनगर से पकड़ा गया था। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि दोनों अंबानी के आवास के पास उस एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) को वहां रखने में संलिप्त थे, जिसमें विस्फोटक सामग्री मिली थी।’’

केंद्रीय एजेंसी को यह संदेह भी है कि ठाणे के कारोबारी हिरन की हत्या में इनकी कोई भूमिका रही थी।

हिरन ने दावा किया था कि अंबानी के आवास ‘एंटीलिया’ के बाहर 25 फरवरी को बरामद एसयूवी उसी की थी, जो चोरी हो गई थी। हिरन का शव पांच मार्च को ठाणे में तट पर मिला था।

सूत्रों ने बताया कि शेलार के एक पूर्व मुठभेड़ विशेषज्ञ पुलिस अधिकारी से कथित संपर्क थे।

उन्होंने बताया कि अदालत में पेश किये जाने पर एक आरेापी ने उस सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी का नाम लिया।

मुंबई पुलिस का पूर्व सहायक निरीक्षक सचिन वाजे मामले में मुख्य आरोपी है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वाजे को अब सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

अंबानी की सुरक्षा में चूक और हिरन की हत्या के मामले में अब तक तीन अधिकारियों, एक कांस्टेबल समेत चार पुलिसकर्मी और एक क्रिकेट सट्टेबाज को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में