चक्रवात ‘ताउते’ : मुंबई में तेज हवाएं चलने के साथ रात में हुई बारिश

चक्रवात ‘ताउते’ : मुंबई में तेज हवाएं चलने के साथ रात में हुई बारिश

चक्रवात ‘ताउते’ : मुंबई में तेज हवाएं चलने के साथ रात में हुई बारिश
Modified Date: November 29, 2022 / 08:00 pm IST
Published Date: May 17, 2021 6:54 am IST

मुंबई, 17 मई (भाषा) ‘अत्यंत तीव्र’ चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के गुजरात की ओर बढ़ने के बीच मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में रात में और सोमवार सुबह तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। अधिकारियों ने इस बारे में बताया।

उन्होंने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से हुई बारिश के कारण शहर में कहीं भी जलजमाव नहीं हुआ, कई जगहों पर पेड़ उखड़ गये और अब तक जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तेज हवाओं के मद्देनजर बांद्रा-वर्ली सी-लिंक को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है और लोगों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गयी है।

रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि पास के ठाणे जा रही एक ट्रेन पर पेड़ की एक टहनी गिर जाने से उपनगरीय घाटकोपर और विखरोली के बीच मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं।

उन्होंने बताया कि ट्रेनों की गतिविधि बहाल करने के लिए प्रयास जारी है।

मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने बताया कि एहतियात के तौर पर शहर में दिन भर के लिए मोनो रेल सेवा स्थगित कर दी गयी है।

एमएमआरडीए ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह ‘‘त्वरित फैसला’’ किया गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, पुणे के पर्यावरण अनुसंधान और सेवा, एसआईडी प्रमुख के. एस. होसालिलकर ने ट्वीट किया, ‘‘ताउते चक्रवात अब अत्यंत तीव्र चक्रवाती तूफान का रूप ले चुका है। मुंबई में 160 किलोमीटर की रफ्तार और गुजरात में 290 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। उत्तरी कोंकण, महाराष्ट्र के तटवर्ती क्षेत्र और गुजरात में ध्यान रखें।’’

बीएमसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार को सुबह सात बजे से हल्की बारिश जारी है और शहर में कहीं से भी जलजमाव की सूचना नहीं मिली है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि रायगढ़, पालघर, मुंबई, ठाणे और रत्नागिरि जिलों में प्रति घंटे 90-100 किलोमीटर रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बारिश होने का अनुमान है।

बीएमसी अधिकारियों के मुताबिक चक्रवात के मद्देनजर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और भारतीय नौसेना सतर्क है।

भाषा सुरभि शाहिद

शाहिद


लेखक के बारे में