देवास। जिले के कन्नौद में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में बीमा राशि नहीं मिलने के कारण किसानों ने बैंक के सामने इंदौर बैतूल नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक किसानों ने विरोधस्वरूप जाम किया। इस दौरान वे सरकार और बैंक के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
जाम लगने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गई औऱ आवागमन बाधित होने लगा। किसानों का कहना था कि हम करीब पिछले 15 दिन से बीमा राशि लेने के लिए रोज जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन बीमा राशि हमें नहीं दी जा रही है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक द्वारा हमें बैंक से बाहर भगा दिया जाता है। इसी बात से आक्रोशित होकर किसानों ने आज बैंक के सामने इंदौर बैतूल नेशनल हाईवे पर चक्का जाम किया।
यह भी पढ़ें : अटल की अस्थियां राजिम संगम में की गई विसर्जित, मंत्री रहे मौजूद
कन्नौद पुलिस के हस्तक्षेप के बाद चक्का जाम खुलवाया गया। पिछले काफी दिनों से परेशान हो रहे किसानों को पुलिस द्वारा समझाइश दी गई व बैंक मैनजमेंट से बात कर किसानों की समस्या का निदान कराया गया।
वेब डेस्क, IBC24