पश्चिम एशिया तनाव कम होने से बाजार में रौनक लौटी, इस सप्ताह तीन कंपनियों के आईपीओ

Ads

पश्चिम एशिया तनाव कम होने से बाजार में रौनक लौटी, इस सप्ताह तीन कंपनियों के आईपीओ

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 02:38 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 02:38 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से निवेशकों में जोखिम लेने की धारणा को मजबूती मिलने के बीच शेयर बाजार में फिर से रौनक लौटती दिख रही है और इस सप्ताह तीन कंपनियां आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लेकर आ रही हैं, जबकि कई अन्य कंपनियां भी सार्वजनिक निर्गम की तैयारी कर रही हैं।

क्रूज का संचालन करने वाली कंपनी वॉटरवेज लीजर टूरिज्म, जयपुर स्थित आभूषण निर्माता एडविट ज्वेल्स और सूचना प्रौद्योगिकी समाधान प्रदाता सीएसएम टेक्नोलॉजीज अगले कुछ दिन में अपने पहले सार्वजनिक निर्गम पेश करने जा रहे हैं। वहीं पैकेजिंग समाधान क्षेत्र की कंपनी नैक पैकेजिंग भी अगले सप्ताह अपने आईपीओ का मूल्य दायरा घोषित कर सकती है।

बाजार सूत्रों के अनुसार, त्वरित वाणिज्य क्षेत्र की कंपनी जेप्टो 10,000 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने की योजना बना रही है, जबकि देश की सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी एसबीआई म्यूचुअल फंड अगले महीने लगभग 13,000 करोड़ रुपये का सार्वजनिक निर्गम ला सकती है।

जून में सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज और हेक्सागन न्यूट्रिशन अपने आईपीओ ला चुकी हैं, जबकि इंश्योरटेक क्षेत्र की कंपनी टर्टलमिंट फिनटेक सॉल्यूशंस की सार्वजनिक निर्गम लाने की प्रक्रिया फिलहाल जारी है।

वॉटरवेज लीजर टूरिज्म ने अपने 585 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए प्रति शेयर 769 से 808 रुपये का मूल्य दायरा तय किया है। यह निर्गम 23 जून को खुलेगा और 25 जून को बंद होगा।

एडविट ज्वेल्स का 165.16 करोड़ रुपये का आईपीओ भी 23 जून को खुलेगा और 25 जून को बंद होगा। कंपनी ने इसके लिए 130 से 138 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। इस निर्गम में 1.20 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे।

सीएसएम टेक्नोलॉजीज ने 146 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 107 से 113 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा निर्धारित किया है। यह निर्गम 24 जून को खुलेगा और 27 जून को बंद होगा।

वहीं नैक पैकेजिंग अगले सप्ताह अपने आईपीओ का मूल्य दायरा घोषित कर सकती है। कंपनी के प्रस्तावित निर्गम में 475 करोड़ रुपये के नए शेयर और प्रवर्तकों तथा एक मौजूदा शेयरधारक द्वारा 70 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश शामिल है। कंपनी ताजा निर्गम से प्राप्त लगभग 435 करोड़ रुपये का उपयोग गुजरात के मेहसाणा जिले के बोरिसाना में नई विनिर्माण इकाई स्थापित करने में करेगी।

भाषा यासिर अजय

अजय