बीमा धोखाधड़ी कर लोगों से करोड़ों ठगने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

बीमा धोखाधड़ी कर लोगों से करोड़ों ठगने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

बीमा धोखाधड़ी कर लोगों से करोड़ों ठगने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: November 29, 2022 / 08:08 pm IST
Published Date: November 3, 2020 2:01 pm IST

मुम्बई, तीन नवंबर (भाषा) मुम्बई पुलिस की अपराध शाखा ने बीमा दावे दिलाने में मदद के नाम पर लोगों से कथित रूप से करोड़ों रूपये ठगने के मामले में दिल्ली और उत्तर प्रदेश से चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि विले पार्ले के एक लेखाकर ने फरवरी में शिकायत दर्ज करायी थी जिसकी जांच करने पर प्रियदर्शी (36), विजयकुमार राजेंद्रकुमार (30), राजेश कुमार कश्यप (38) और अजय कश्यप (46) की गिरफ्तारी की गयी।

शिकायतकर्ता ने कहा था कि उसने अपनी बेटी के नाम पर विभिन्न कंपनियों से 20.89 लाख रुपये की बीमा पॉलिसी ली थी लेकिन किन्हीं कारणवश उसने 2015 में उन्हें रद्द कर दिया और उन्हें 18.02 लाख रुपये मिले थे। उसके अनुसार बाकी 2.87 लाख रुपये हासिल करने की प्रक्रिया के दौरान उसे कुछ लेागों का फोन आया जिन्होंने यह रकम दिलाने में मदद का वादा किया।

अधिकारी के अनुसार फोनकर्ताओं के निर्देश पर तब पीड़ित एनओसी, आईआईडी, आयकर, टीडीसी, ओटीपी और वकील शुल्क के नाम पर बैंक खातों में पैसा जमा करने लगे और फरवरी तक वह 3.88 करोड़ रूपये गंवा बैठा। पुलिस के अनुसार इस संबंध में भादंसं की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

अधिकारी का कहना है कि जांच में सामने आया कि दिल्ली और उत्तर प्रदेश से फोन किये गये थे और कम से कम 48 बैंक खातों में रकम जमा की गई। जांच से यह भी पता चला कि इस गिरोह ने जम्मू कश्मीर, कर्नाटक और आंध्रप्रदेश के लोगों को भी इसी तरह से धोखा दिया।

भाषा

राजकुमार प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में