ललितपुर: हादसे में मां-बेटी की मौत, दो घायल

Ads

ललितपुर: हादसे में मां-बेटी की मौत, दो घायल

  •  
  • Publish Date - December 23, 2020 / 05:14 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:33 PM IST

ललितपुर (उप्र), 23 दिसंबर (भाषा) ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में ट्रक की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार एक महिला और उसकी बेटी की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि तालबेहट क्षेत्र के सरसयाना मुहल्ले के रहने वाले पंकज गुप्ता (32) अपनी पत्नी पूनम (27), एक साल की बेटी प्रिंसी और छोटे भाई विनय (29) के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर मध्य प्रदेश के कुंभरुआ गांव से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में झांसी-शिवपुरी मार्ग पर डोंगरी गांव के पास उनकी मोटरसाइकिल को एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि इस हादसे में पूनम और उनकी बेटी प्रिंसी की मौके पर मौत हो गयी जबकि महिला का पति पंकज और देवर विनय गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक ने ट्रक भगाने की कोशिश की जिसमें एक गाय भी कुचल गयी और ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई। इसके बाद ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है।

तालबेहट के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) देवेन्द्र सिंह ने बताया कि मां-बेटी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और गंभीर रूप से घायल पंकज और उसके भाई विनय का झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज करवाया जा रहा है।

भाषा सं सलीम मानसी

मानसी