महाराष्ट्र: छोटे विवाद पर बुजुर्ग की हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

महाराष्ट्र: छोटे विवाद पर बुजुर्ग की हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 21, 2020 / 08:26 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:17 PM IST

पालघर, 21 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में छोटे विवाद को लेकर 70 वर्षीय एक बुजुर्ग की हत्या करने के आरोप में एक ग्रामीण व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस निरीक्षक जयकुमार सूर्यवंशी ने बताया कि यह घटना शनिवार रात में वाडा तालुका के कोंडल गांव में हुई। गांव में बांध के बहाव वाले क्षेत्र में पीड़ित का मछली जमा करने का एक स्थल था। पीड़ित को शक था कि 45 वर्षीय आरोपी वहां से मछली चुराता है। आरोपी की पास में ही जमीन है।

शनिवार रात पीड़ित ने आरोपी को वहां से मछली चुराते हुए देखा जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद आरोपी और उसकी पत्नी ने एक बड़ा सा पत्थर लेकर पीड़ित के चेहरे पर मारा, जिससे पीड़ित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने शव को निकट की झाड़ियों में छुपा दिया।

उन्होंने बताया कि पीड़ित की तलाश के दौरान परिवारवालों को उनका शव रविवार सुबह में मिला और उन्होंने संबंधित व्यक्ति तथा उसकी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन उसकी पत्नी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।

भाषा स्नेहा दिलीप

दिलीप