चलती ट्रेन में लूट और चोरी करता था यह गिरोह, आया गिरफ्त में
चलती ट्रेन में लूट और चोरी करता था यह गिरोह, आया गिरफ्त में
जबलपुर। जीआरपी ने चलती ट्रेनों में लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतर राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। जीआरपी ने गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पिस्टल, कारतूस, लूट के जेवरात और 9 मोबाइल बरामद हुए हैं।
आरोपी जबलपुर के मदन महल रेल्वे स्टेशन के पास ट्रेन में डकैती डालने की योजना बना रहे थे, लेकिन मुखबिर से मिली सूचना पर जीआरपी ने उन्हें धर दबोचा। पुलिस गिरफ्त में आए सभी आरोपियों की उम्र 21 से 25 साल के बीच है और इनके खिलाफ पुणे, मुंबई, उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश के कई थानों में अपराध दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें : मंदसौर में मासूम से दरिंदगी की हद पार, दुष्कर्म के बाद हत्या की कोशिश
आरोपियों ने पहले, जेल में बंद रहने के दौरान मिलकर ट्रेनों में लूटपाट करने के लिए अपनी गैंग बनाई थी। गैंग के सदस्य टुकड़ों में बंटकर काम करते थे और अलग अलग ट्रेनों में लूटपाट के लिए उन्होने आपस में बीट सिस्टम भी बना रखा था। आरोपियों ने हाल ही में इटारसी रेल्वे स्टेशन के पास एक महिला का मंगलसूत्र छीनते हुए उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया था जिससे उसने अपने पैर हमेशा के लिए खो दिए थे।
धराए आरोपियों से ट्रेनों में लूट और चोरी का करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत का साजोसामान बरामद हुआ है, जबकि जीआरपी को उम्मीद है कि पूछताछ में और भी कई वारदातों का खुलासा हो सकता है।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


