छेड़खानी से क्षुब्ध किशोरी ने की आत्महत्या
छेड़खानी से क्षुब्ध किशोरी ने की आत्महत्या
महोबा (उप्र), नौ नवंबर (भाषा) महोबा जिले के महोबकंठ थाना क्षेत्र के मडवारी गांव में कथित तौर पर छेड़खानी से क्षुब्ध होकर एक किशोरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
महोबकंठ थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) दिनेश सिंह ने सोमवार को बताया, ‘मडवारी गांव में 17 साल की एक किशोरी ने रविवार दोपहर अपने घर में लोहे की छड़ के सहारे साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली।’’
उन्होंने बताया, ‘घटना के समय लड़की के बुजुर्ग दादा-दादी घर के बाहर बैठे थे, जब वे दोनों घर के अंदर गए तब लड़की को फंदे से लटकता देख उन्होंने पुलिस को सूचना दी।’
एसएचओ ने बताया, ‘लड़की के माता पिता दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं, लड़की और उसका छोटा भाई गांव में दादा-दादी के साथ रहते हैं। घटना की सूचना पाकर उनके माता-पिता भी दिल्ली से गांव आ गए हैं। शव का आज पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।’
उन्होंने कहा कि लड़की के दादा ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाला एक लड़का उनकी पोती से अक्सर छेड़छाड़ करता था और इस बारे में दो-तीन बार लड़के के घर में शिकायत भी की गयी थी, शायद इसी से तंग आकर लड़की ने आत्महत्या की है।
लड़की के दादा के आरोप पर एसएचओ ने कहा कि फिलहाल लिखित में कोई तहरीर नहीं दी गयी है।
उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं जफर
शोभना
शोभना

Facebook


