दो नेपाली और एक भारतीय तस्कर गिरफ्तार,मादक पदार्थ बरामद

Ads

दो नेपाली और एक भारतीय तस्कर गिरफ्तार,मादक पदार्थ बरामद

  •  
  • Publish Date - June 15, 2021 / 08:49 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:32 PM IST

बहराइच (उप्र),15 जून (भाषा) सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारत नेपाल सीमा पर रूपईडीहा क्षेत्र से दो नेपाली और भारतीय मूल के एक तस्कर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मादक पदार्थ बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत 3.8 करोड़ रुपए आंकी गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अशोक कुमार ने मंगलवार को बताया कि रूपईडीहा सीमा पर भारतीय क्षेत्र में नेपाल के बांके जिला निवासी अमृत सोनार और पड़ोसी लखीमपुर जिला निवासी परवेज आलम के कब्जे से सोमवार शाम 180 ग्राम स्मैक बरामद की गयी।

उन्होंने बताया कि दूसरी घटना में मंगलवार सुबह नेपाल के बांके जिला निवासी सलीम दर्जी के पास से संयुक्त दल ने छह किलोग्राम चरस बरामद की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्मैक की कीमत करीब 1.80 करोड़ व चरस की लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

कुमार ने बताया कि पकड़े गए तीनों अभियुक्तों के खिलाफ रूपईडीहा थाने में मामला दर्ज किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीमें सीमा पर नशीले पदार्थ के अवैध कारोबार की रोकथाम में लगी हैं। अभियान के तहत सीमा पर 24 घंटे संयुक्त गश्त की जा रही है।

भाषा सं जफर

मनीषा शोभना

शोभना