उप्र: बस से टकराया कंटेनर, महिला की मौत, आठ घायल
उप्र: बस से टकराया कंटेनर, महिला की मौत, आठ घायल
फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश), 12 जुलाई (भाषा) फिरोजाबाद जिले में सोमवार को फिरोजाबाद-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कंटेनर आगे जा रही रोडवेज बस से जा टकराया। इस हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गयी तथा आठ अन्य लोग जख्मी हुए।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अखिलेश नारायण ने यहां बताया कि सिरसागंज थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगला राधे के पास एक मोटरसाइकिल फिरोजाबाद से इटावा की तरफ जा रही थी। मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर कंटेनर के नीचे आ गयी। कंटेनर उसे रौंदते हुए एक बस से जा टकराया। उस वक्त बस से यात्री उतर रहे थे। कंटेनर की चपेट में आने से बस यात्री नसीमा बेगम की मौके पर ही मौत हो गयी।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार दंपति घायल हो गये, जबकि बस के छह अन्य यात्री भी जख्मी हो गये। नारायण ने बताया कि इस घटना की वजह से यातायात कई घंटे तक अवरुद्ध रहा।
भाषा सं सलीम शफीक

Facebook


