सागर। मध्यप्रदेश के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे एक कार्यक्रम में मंच पर बैठे है और दो लोग उन्हें कपड़े को हिलाकर पंखा झल रहे है। ऐसा नहीं है कि कार्यक्रम के दौरान बिजली गुल हो गयी हो। वीडियो में मंच के ऊपर चलता पंखा इस बात की गवाही दे रहा है कि बिजली है फिर भी दो लोग मंत्री भूपेंद्र सिंह को पंखा झल रहे है।
इस दृश्य ने बरबस ही राजे–रजवाड़ो के दरबार की अनुभूति करा दी। यह वीडियो गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र खुरई में एक सप्ताह पूर्व आयोजित क्षत्रिय खंगार समाज के परिचय सम्मेलन कार्यक्रम का बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : आदिवासी इलाकों में नुकसान की भरपाई के लिए भाजपा ले रही राष्ट्रीय नेताओं का सहारा
वहीं इस वीडियो के वायरल होने के बाद गृहमंत्री कांग्रेस के निशाने पर हैं। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा का कहना है कि जिस मंत्री के मुखिया को एसी खराब होने पर लू लग जाती है, जो मंत्री कार्यकर्ताओं से जूते के फीते बंधवाते हैं। ऐसे मंत्रियों के ऐसे आचरण पर हैरानी अब नहीं होती।
उधर बीजेपी नेता अपने मंत्री का बचाव करते हुए कह रहे हैं कि स्वास्थ्य खराब होने के चलते भूपेंद्र सिंह अपने कार्यकर्ताओं से पंखा करवा रहे होंगे। जबकि भूपेंद्र सिंह के कार्यक्रम के दौरान कूलर चल रहे थे।
वेब डेस्क, IBC24