इंटरनेट पर जमकर सर्च हो रहा व्यापमं घोटाला, चुनाव के ऐलान से अब तक 1 करोड़ से ज्यादा बार
इंटरनेट पर जमकर सर्च हो रहा व्यापमं घोटाला, चुनाव के ऐलान से अब तक 1 करोड़ से ज्यादा बार
भोपाल। देश में अब चुनाव की रणनीति पूरी तरह से बदल चुकी है। प्रचार से लेकर पार्टी की छवि चमकाने तक अब चुनावी जंग इंटरनेट के सहारे लड़ी जा रही है। 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद से पूरा चुनावी सीन बदल गया है। इंटरनेट के दौर में अब उम्मीदवारों को भी हाईटेक होना पड़ रहा है। राजनीतिक दल भी टिकट बंटवारे के समय सोशल मीडिया पर नेताओं की भूमिका को अहम मान रहे हैं। लेकिन इन सब के बीच व्यापमं घोटाला भी तेजी से इंटरनेट पर सर्च किया जा रहा है।मध्यप्रदेश के युवा इंटरनेट पर नेताओं के बारे में कम और व्यापमं घोटाले को ज्यादा खोज रहे हैं।
चुनाव का ऐलान होने के बाद से अब तक प्रदेश में इंटरनेट पर एक करोड़ से ज्यादा बार व्यापमं को सर्च किया गया है, जिससे बीजेपी की चिंता बढ़ गई है। पार्टी को डर है कि कही व्यापमं का साया इस बार चुनाव में उसके उम्मीदवारों का खेल न बिगाड़ दे। जानकारों के मुताबिक व्यापमं का भूत 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को परेशान करने एक बार फिर लौट आया है। इंटरनेट पर धड़ल्ले से व्यापमं द्वारा भर्ती घोटाले के बारे में यूजर्स सर्च कर रहे हैं। व्यापमं को लेकर इंटरनेट पर बीते एक महीने में दस लाख से लेकर एक करोड़ हिट मिले हैं। 2013 में व्यापमं घोटाले को लेकर बीजेपी काफी चिंता में थी, लेकिन फिर भी भारी मतों से चुनाव जीती थी। लेकिन व्यापमं घोटाला एक बार फिर सरकार को परेशान करने लौट आया है।
यह भी पढ़ें : बीजापुर के आवापल्ली के पास फोर्स-नक्सल मुठभेड़, 5 जवान शहीद और 2 घायल
विपक्षी दल कांग्रेस भी लगातार व्यापमं मामले को लेकर बीजेपी पर हमला करती रही है। हाल ही में दिग्विजय सिंह ने कोर्ट में एक बार फिर व्यापमं मामले को लेकर याचिका दाखिल की है। आरटीआई एक्टिविस्ट अजय दुबे के मुताबिक व्यापमं महाघोटाला है। इससे हजारों युवाओं का भविष्य खराब हुआ है और कई ऐसे व्हाइट-कॉलर नेता हैं जो अभी भी घोटाले में लिप्त होने के बाद भी जेल नहीं गए हैं। ऐसे में युवा इंटरनेट पर व्यापमं से जुड़ी खबरें सर्च कर रहे हैं क्योंकि उन्हें भी अपने भविष्य की चिंता है।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


