2 साल से रिजल्ट का इंतजार कर रहा छात्र चढ़ गया 200 फीट ऊंचे टॉवर पर, देखिए वीडियो
2 साल से रिजल्ट का इंतजार कर रहा छात्र चढ़ गया 200 फीट ऊंचे टॉवर पर, देखिए वीडियो
भिंड। बारहवीं परीक्षा के रिजल्ट का दो साल से इंतजार कर रहा एक स्टूडेंट गुरुवार की देर शाम कलेक्ट्रेट परिसर में लगे टॉवर पर चढ़ गया। 200 फ़ीट ऊंचे इस टॉवर पर वह आधीरात तक चढ़ा रहा। उसकी मांग थी कि दो साल से रुके हुए रिजल्ट को घोषित किया जाए। टॉवर पर स्टूडेंट के चढ़ने की खबर पाकर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। प्रदीप के पिता भी पुलिस की सूचना पर पहुंचे। प्रदीप को टॉवर से उतरने के लिए बातचीत कराई गई। जब बात नहीं बनी तो जिला शिक्षा अधिकारी को बुलाकर एक फर्जी अंकसूची दिखाकर प्रदीप को नीचे बुलाया गया। पांच घंटे बाद प्रदीप सही-सलामत नीचे उतर आया।
जानकारी के अनुसार शहर के सुभाष नगर निवासी प्रदीप कुशवाह ने दो साल पहले स्वरूप विद्या निकेतन स्कूल से बारहवीं की परीक्षा दी थी। परीक्षा के दौरान एक विषय की कॉपी गायब हो गई। टीचर की शिकायत पर प्रदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। कॉपी गायब हो जाने की वजह से प्रदीप का रिजल्ट भी रुक गया। परीक्षा के 6 महीने बाद प्रदीप के खिलाफ कॉपी गायब करने के मामले में वारंट जारी हो गया। प्रदीप के पिता ने अपने बेटे की जमानत करवा ली। इतना सब होने के बाद भी प्रदीप का रिजल्ट घोषित नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें : मनरेगा का एई 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, सरपंच ने की थी शिकायत
परेशान प्रदीप ने इस बात की शिकायत कई जगह की, लेकिन कोई बात नहीं बनी। परेशान प्रदीप गुरुवार की देर शाम कलेक्ट्रेट पहुंच गया और यहां लगे स्वाइन टॉवर पर चढ़ गया। 200 फ़ीट ऊंचाई वाले इस पतले से टॉवर पर प्रदीप ऊपर तक पहुँच गया। युवक के टॉवर पर चढ़ने की खबर लगते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जानकारी लेने के बाद पुलिस ने प्रदीप के पिता जनक को भी बुला लिया। पुलिस समेत प्रदीप के पिता जनक कुशवाह लगातार प्रदीप से बात करके उसे टावर से नीचे उतरने के लिए राजी करने के प्रयास में जुटे हुए थे। प्रदीप अपने साथ एक मोबाइल भी लिए हुए था, इसी मोबाइल पर प्रदीप से बातचीत की गई।
यह भी पढ़ें : पुलिस को दिखाया रौब, कार सवार ने कहा- सीएम का हूं जीजा, क्या कर लोगे…देखिए वीडियो
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रुडोल्फ अल्वारेस भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी को बुलाया गया। जिला शिक्षा अधिकारी किसी दूसरे छात्र की अंकसूची की फ़ोटो कॉपी लेकर पहुंच गए। ये फोटो कॉपी दिखाकर प्रदीप को भरोसा दिलाया गया कि उसका रिजल्ट आ गया है। प्रदीप के परिजनों ने भी प्रदीप को यही बताया। इसके बाद प्रदीप तकरीबन रात 12 बजे टावर से नीचे उतर आया। प्रदीप के नीचे उतरने पर सभी ने राहत की सांस ली। एसपी रुडोल्फ अल्वारेस का कहना है कि प्रदीप की पढ़ाई के लिए पुलिस-प्रशासन द्वारा सहयोग किया जाएगा। इस तरह पांच घंटे बाद ये हाई वोल्टेज ड्रामा खत्म हुआ।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


