Stock Market Attracts Women: शेयर बाजार में बढ़ी महिलाओं की दिलचस्पी, डीमैट खातों की संख्या ने तोड़े रिकॉर्ड!
Stock Market Attracts Women: शेयर बाजार में बढ़ी महिलाओं की दिलचस्पी, डीमैट खातों की संख्या ने तोड़े रिकॉर्ड!
(Stock Market Attracts Women, Image Credit: Meta AI)
- जून में 25 लाख नए डीमैट खाते खुले
- महिलाओं के खाते बढ़कर 2.7 करोड़ हुए
- ऑनलाइन खाता खोलना हुआ आसान
Stock Market Attracts Women: जून महीने में शेयर बाजार में निवेश करने वालों की संख्या में अच्छी बढ़ोतरी देखी गई है। इस महीने लगभग 25 लाख नए डीमैट खाते खोले गए, जो कि जनवरी के बाद किसी भी महीने का सबसे बड़ा आंकड़ा रहा है। लगातार दूसरे महीने डीमैट खाता खोलने की रफ्तार भी बढ़ी है, जिससे देश में कुल डीमैट खातों की संख्या 19.91 करोड़ तक पहुंच गई है।
पिछली गिरावट पर लगा ब्रेक
जनवरी से अप्रैल तक डीमैट खाते खोलने की संख्या में गिरावट देखी जा रही थी। जहां जनवरी में 28.4 लाख नए खाते खुले थे, वहीं फरवरी, मार्च और अप्रैल में यह आंकड़ा घटकर 22-23 लाख के बीच हो गया था। मई में थोड़ी रिकवरी हुई और अब जून में निवेशकों की रुचि में जबरदस्त उछाल देखा गया। हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि एक व्यक्ति एक से अधिक खाते भी रख सकता है, इसलिए यह आंकड़ा कुल निवेशकों की संख्या को पूरी तरह नहीं दर्शाता।
महिलाओं की भागीदारी में बढ़ोतरी
बीते कुछ वर्षों में डीमैट खातों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी आई है। मार्च 2021 में कुल खाते 3.33 करोड़ थे, जो दिसंबर 2024 तक बढ़कर 14.30 करोड़ हो गए। इसी दौरान महिलाओं की भागीदारी भी काफी बढ़ गई है। मार्च 2021 में जहां महिला निवेशकों के खाते 66 लाख थे, वहीं दिसंबर 2024 में यह बढ़कर 2.7 करोड़ तक पहुंच गए। हालांकि पुरुष निवेशकों की संख्या अभी भी आगे हैं, लेकिन अंतर कम हो रहा है।
जून में IPO का बड़ा रोल रहा
विश्लेषकों का मानना है कि जून में डीमैट खाता खुलवाने वालों की संख्या में बढ़ोतरी की एक वजह IPO बाजार में तेजी रही। मार्च में जहां कोई आईपीओ नहीं आया था, वहीं जून में 8 कंपनियों ने IPO लॉन्च किए और कुल 17,689 करोड़ रुपये जुटाए। इसके साथ ही शेयर बाजारों का प्रदर्शन भी मजबूत रहा। जिसमें निफ्टी 3%, मिडकैप 4% और स्मॉलकैप 6.7% तक चढ़ गए।
निवेश की राह हुई आसान
डीमैट खाता एक डिजिटल खाता होता है जिसमें निवेशक अपने शेयर, म्यूचुअल फंड, बॉन्ड आदि को इलेक्ट्रॉनिक रूप में रख सकते हैं। कागजी झंझट समाप्त हो गया है और प्रक्रिया तेज हो गई है। कोरोना के बाद लोगों में निवेश को लेकर काफी जागरूकता बढ़ी है और आसान मोबाइल ऐप्स की मदद से अब छोटे शहरों, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी में तेजी से इजाफा हो रहा है।
नोट:- शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।

Facebook


