लखनऊ में तालाब में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत
लखनऊ में तालाब में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत
लखनऊ, 17 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बख्शी का तालाब क्षेत्र में रविवार दोपहर तालाब में नहाते समय 12 वर्षीय एक बालक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बख्शी का तालाब क्षेत्र के सरकपुर सरैया गांव निवासी समर कनोजिया के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि समर रविवार दोपहर करीब 12 बजे घर से लगभग 400 मीटर दूर स्थित तालाब में नहाने गया था, जहां वह डूब गया।
पुलिस के मुताबिक परिजन बालक को मृत अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और मृतक के पिता नन्हेलाल से बातचीत की।
परिजनों ने घटना को लेकर किसी प्रकार का संदेह नहीं जताया और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। उन्होंने लिखित रूप से यह भी दिया कि भविष्य में मामले में कोई दावा या शिकायत नहीं करेंगे।
पुलिस ने बताया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
भाषा
आनन्द रवि कांत

Facebook


