प्रधानमंत्री के तौर पर लंबा कार्यकाल कोई उपलब्धि नहीं: बर्क

प्रधानमंत्री के तौर पर लंबा कार्यकाल कोई उपलब्धि नहीं: बर्क

प्रधानमंत्री के तौर पर लंबा कार्यकाल कोई उपलब्धि नहीं: बर्क
Modified Date: June 10, 2026 / 04:20 pm IST
Published Date: June 10, 2026 4:20 pm IST

संभल (उप्र), 10 जून (भाषा) संभल से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने बुधवार को कहा कि लंबे समय तक प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बने रहना अपने आप में कोई उपलब्धि नहीं मानी जा सकती और किसी सरकार का असली पैमाना जन कल्याण के लिए किया गया काम होता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सबसे लंबे समय तक इस पद पर आसीन होने का पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसके बारे में पत्रकारों के सवालों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बर्क ने कहा, ‘मैं उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में 12 साल का कार्यकाल पूरे करने के लिए बधाई देता हूं, लेकिन लंबे समय तक प्रधानमंत्री की कुर्सी पर रहना कोई उपलब्धि नहीं है।’

उन्होंने कहा, ‘एक उपलब्धि यह है कि आप लोगों के लिए क्या करते हैं और आपके पद पर रहने के दौरान आपकी सरकार उन्हें क्या सुविधाएं देती है।’

संभल के सांसद ने दावा किया कि लोग इस समय महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘आज लोग महंगाई से जूझ रहे हैं, बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और भ्रष्टाचार पर कोई नियंत्रण नहीं है। अगर सरकार लोगों के हित में काम करती है, इन मुद्दों पर नियंत्रण करती है और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराती है, तो यह वास्तविक उपलब्धि होगी।’

मोदी के रिकॉर्ड को उपलब्धि बताने संबंधी भाजपा नेताओं के बयान पर बर्क ने कहा, ‘मैं भी कह रहा हूं कि उन्होंने जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है, लेकिन रिकॉर्ड बनाना ही एकमात्र उपलब्धि नहीं है।”

उन्होंने कहा कि किसी सरकार के प्रदर्शन को लोक कल्याण और देश के विकास में उसके योगदान से आंका जाना चाहिए।

भाषा सं जफर जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में